एग्जिट पोल्स ने थामी बीजेपी नेताओं की सांसें

-आम आदमी पार्टी के पक्ष में आए सभी एग्जिट पोल्स
-किसी में भी बीजेपी को नहीं मिलता दिखा बहुमत

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान के बाद टीवी चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल्स के नतीजों ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की नींद उड़ा दी है। केवल उम्मीदवार ही नहीं बल्कि पार्टी के ज्यादातर नेता सांसें थामें अब मंगलवार को आने वाले नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। एग्जिट पोल्स में कांग्रेस की 2015 के मुकाबले और ज्यादा खस्ता हालत ने तो बीजेपी नेताओं की धड़कनें और भी बढ़ा दी हैं।
न्यूज एक्स के सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी को 50 से 56 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। बीजेपी गठबंधन को 10 से 14 सीटें मिल सकती हैं। इस सर्वे में कांग्रेस का खाता खुलता नजर नहीं आ रहा। टीवी 9 भारतवर्ष-सिसरो के एग्जिट पोल ने आप को 51 फीसदी, बीजेपी 34 फीसदी, कांग्रेस 9 फीसदी, अन्य 6 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया है। इसमें भी आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत के साथ भारी जीत दिखाई गई है।
एबीपी और सीवोटर के सर्वे में आम आदमी पार्टी को 42 से 54 सीटें दी गई हैं। बीजेपी गठबंधन को इस एग्जिट पोल में चार से 16 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। एबीपी ने भी कांग्रेस को कोई सीट नहीं दी है। सुदर्शन न्यूज के सर्वे में आप को 40 से 45 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। बीजेपी को 24 से 28 सीटें और कांग्रेस को दो से तीन सीटें मिलने का अनुमान जताया है। लेकिन बीजेपी इस सर्वे के मुताबिक भी दिल्ली में सरकार बनाती नजर नहीं आ रही।
रिपब्लिक और जन की बात के एग्जिट पोल में आप को 48 से 61 सीट दी गई हैं। बीजेपी को नौ से 21 और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 44 और बीजेपी को 26 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में भी खाता नहीं खोल पा रही है।
बीजेपी को भारी पड़ सकती है कांग्रेस की कमजोरी
सभी एग्जिट पोल्स ने दिल्ली में कांग्रेस को बेहद कमजोर दिखाया है। कुछ सर्वे में तो कांग्रेस को 5 फीसदी के आसपास वोट मिलते दिखाए हैं। कांग्रेस की यह कमजोरी बीजेपी को भारी पड़ सकती है। खास बात है कि शनिवार को मतदान के दिन ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों के कई-कई मतदान केंद्रों पर कांग्रेस की टेबल तक नहीं लगीं। ऐसे में बीजेपी का वोट शेयर बढ़ने के बावजूद पार्टी को ज्यादा सफलता मिलती नजर नहीं आ रही।
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार 8 फरबरी को मतदान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और लोक जनशक्ति पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। बुराड़ी और संगम विहार सीटों पर जेडीयू के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। बीजेपी ने सीमापुरी सीट लोक जनशक्ति पार्टी के लिए छोड़ी थी। कांग्रेस ने राजद को चार सीटें दी हैं। कांग्रेस ने दिल्ली में इस बार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ हाथ मिलाया है।