डॉक्टर की खुदकुशी… आप एमएलए पर जबरन वसूली व आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर

-दिल्ली पुलिस ने आप विधायक जारवाल के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
-डॉक्टर ने सुसाइड नोट में विधायक पर लगाया परेशान करने का आरोप

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली से एक डॉक्टर द्वारा खुदकुशी का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने अपने सुसाइड नोट में आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल पर पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आप एमएलए के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जबरन वसूली के लिए एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला सामने आने के बाद दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार बैकफुट पर आ गई है। दिल्ली पुलिस ने विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला नेब सराय थाने के दुर्गा विहार का है। डॉक्टर की खुदकुशी के मामले में दिल्ली पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने देवली से आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस को शनिवार सुबह 6 बजकर 17 मिनट पर एक पीसीआर कॉल मिला था। सुसाइड नोट में डॉक्टर ने लिखा है कि उसे स्थानीय विधायक की ओर से लगातार परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में एमएलए प्रकाश जारवाल, कपिल नगर और अन्य के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि शनिवार की सुबह पीसीआर कॉल मिलने पर वह घटनास्थल पहुंचे थे। खुदकुशी करने वाले शख्स का नाम डॉ राजेंद्र सिंह है। राजेंद्र सिंह दिल्ली के दुर्गा विहार के रहने वाले थे। उनकी उम्र 52 साल थी। पुलिस के मुताबिक उन्होंने अपने घर की छत पर खुदकुशी की। पुलिस के मुताबिक शनिवार तड़के उन्होंने एक रस्सी के जरिए फांसी लगा ली। सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक किराएदार ने इस घटना की जानकारी घरवालों को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विधायक प्रकाश जारवाल के खिलाफ एफआईआर
डॉ राजेंद्र सिंह के पुत्र हेमंत ने पुलिस को बताया है कि उसके पिता क्लिनिक चलाते थे। इसके साथ ही इलाके में पानी की सप्लाई का काम भी करते थे। हेमंत ने कहा कि उसके पिता को आप विधायक प्रकाश जारवाल और उसके लोग परेशान करते थे। उसकी शिकायत पर पुलिस ने धन वसूली, आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में डॉक्टर राजेंद्र सिंह के परिजनों ने फोन पर धमकी का एक ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपा है। इस ऑडियो में कथित रूप से देवली से आप विधायक प्रकाश जारवाल की आवाज होने का दावा किया गया है।
विधायक ने माना ‘‘पैसे से जुड़ा कुछ मामला था’’
आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल ने इस विषय में कहा है कि पैसे से जुड़ा कुछ मामला तो जरूर था। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि डॉक्टर राजेंद्र इतना बड़ा कदम उठा लेंगे। विधायक प्रकाश जारवाल ने कहा कि वह डॉक्टर के इस कदम से काफी दुखी हैं। उन्होंने कहा कि मुझे काफी दुख है डॉक्टर साहब द्वारा इस तरह खुदकुशी करना बहुत ही गलत निर्णय है। उन्हें अगर कोई समस्या थी तो हमसे आकर मिलते। जहां तक मुझे जानकारी है उन्होंने मार्केट के लोगो से कई वर्षों से करीब 1 से डेढ़ करोड़ रुपया उधार ले रखा था। उनका मानसिक संतुलन ठीक नही था।
विवादों और जेल से जारवाल का पुराना नाता
आप एमएलए प्रकाश जारवाल के खिलाफ इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। विधायक प्रकाश जारवाल पहले भी विवादित रहा है। दिल्ली जल बोर्ड के एक जूनियर इंजीनियर के साथ मारपीट के मामले में जारवाल जेल की हवा खा चुका है। इसके अलावा मार्च 2017 में जारवाल पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ और परेशान करने के आरोप लगाया था। इसके बाद दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव अंशू प्रकाश के साथ मारपीट मामले में भी दिल्ली पुलिस ने जारवाल को 20 फरवरी 2018 को जेल भेजा था।