-मोती लाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर जाकर दी श्रद्धांजलि
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 27 दिसंबर, 2024।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह के निवास स्थान मोती लाल नेहरू मार्ग पर जाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के निधन से हुई देश की क्षति की भरपाई नही की जा सकती। उनका जन्म पंजाब में 1932 में हुआ था। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि डा0 मनमोहन सिंह बहुत बड़े आर्थिक विद्धान थे, उनकी सोच और नीतियों के लागू होने के कारण ही देश आज तक मजबूत स्थिति में है और इतना सक्षम है कि हर स्थिति और परिस्थितियों का सामना कर सकता है। मनमोहन सिंह ने 2004-2014 तक प्रधानमंत्री रहते हुए देश की प्रगति और विकास के लिए ठोस और निर्णायक फैसले लिए जिसके चलते देश विश्व में अग्रिम पंक्तियों वाले देशों के साथ खड़ा है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि डा0 मनमोहन सिंह ने देश के आर्थिक सलाहकार, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर, देश का वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री रहते हुए देश को उस समय संभाला जब पूरा विश्व आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा था तथा देश में आर्थिक आत्मविश्वास कायम किया। प्रधानमंत्री रहते हुए उनकी संयुक्त राष्ट्र अमेरिका से परमाणु डील ऐतिहासिक रही, जिसको घटक दलों के विरोध के बावजूद उन्होंने देशहित में निर्णायक फैसला लिया।