दिल्ली भाजपाः तिवारी को दागी पसंद हैं!

-कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान आरोपी रहे परम यादव भाजपा में शामिल
-जेल में रह चुके मोहर सिंह के साथ तिवारी ने किया यमुना का दौरा

 

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान तेजी से जारी है। लेकिन प्रदेश भाजपा में सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बेरूखी पहले से ही जगजाहिर है। इस बेरूखी को लेकर अब पार्टी में तिवारी का विरोध मुखर होने लगा है। पिछले दिनों एक मंडल अध्यक्ष को तिवारी ने अपने सरकारी आवास पर घंटों इंतजार कराने के बाद मिलने से मना कर दिया था। तब इस मंडल अध्यक्ष ने तिवारी को खूब खरी-खोटी सुनाई थीं और नौबत हाथापाई तक आ गई थी। जैसे-तैसे वह मामला शांत कराया गया। लेकिन पार्टी में मनोज तिवारी के खिलाफ रोष के स्वर लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
सदस्यता अभियान को लेकर नाराजगी
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान पर ही पार्टी के अंदर से आवाजें उठने लगी हैं। पिछले दिनों सपना चौधरी को पार्टी में लाने के मामले पर भी पार्टी के कई नेताओं ने सवाल उठाए थे। ताजा मामला कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान आरोपी रहे और एफआईआर की कार्रवाई झेल चुके परम यादव को भाजपा में शामिल किए जाने को लेकर सामने आया है। पार्टी में दबी जुबान में कहा जा रहा है कि मनोज तिवारी मनमानी कर रहे हैं और बिना सोचे समझे लोगों को पार्टी में शामिल कर रहे हैं। बता दें कि परम यादव डीडीए इंजीनियर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान सरकारी काम को जिम्मेदारी से नहीं करने और कई दूसरे आरोपों में खुद डीडीए अधिकारियों की ओर से उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। बुधवार को बड़ी शान के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने परम यादव को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू भी मौजूद रहे।
मकोका आरोपी के साथ किया यमुना का दौरा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बुधवार को यमुना के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से कोई नहीं था। हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कपिल मिश्र और कुछ गिने चुने लोग ही तिवारी के साथ इस दौरे में शामिल हुए। सबसे ज्यादा चोंकाने वाली बात यह रही कि मनोज तिवारी के साथ इस दौरे में मकोका के आरोपी मोहर सिंह पहलवान भी मौजूद रहे। बता दें कि मोहर सिंह पहलवान मकोका के आरोपी रहे हैं और साढ़े नौ साल तक जेल में रहे हैं।
यमुना में लगाई आवाज तो बनी हास्यास्पद स्थिति
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के यमुना में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के दौरान उस समय हास्यास्पद स्थिति बन गई जब वह पानी में पूरी तरह से डूबी हुई झुग्गियों के बीच लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने की अपील करते नजर आए। बता दें कि चार दिन पूर्व ही यमुना के डूब वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बाहर निकाल लिया गया था। इसके बाद मनोज तिवारी कई दिन बाद बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने पहुंचे और पानी में डूबी हुई झुग्गियों के बीच लोगों से अपील करते नजर आए कि वह बाहर निकल आएं।
लोग बोलेः आप से पहले विजय गोयल आ चुके हैं
प्रदेश भाजपा के नेताओं के बीच तालमेल का पूरी तरह से अभाव है। यहां तक कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी किसी के साथ तालमेल बनाकर नहीं चल रहे। इस बात की पुष्टि उस समय हो गई जब बाढ़़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे मनोज तिवारी से लोगों ने कह दिया कि उनसे पहले ही विजय गोयल यहां आकर गए हैं। बता दें कि कई इलाकों में बिना टेंट और सुविधाओं के रह रहे बाढ़ पीड़ितों के लिए तिवारी के पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने अधिकारियों के द्वारा व्यवस्थाएं कराई थीं।