पंजाब, महाराष्ट्र और पुद्दुचेरी में कर्फ्यू लागू

-दिल्ली में मंगलवार से लग सकता है कर्फ्यू
-500 तक पहुंची कोरोना पीड़ितों की संख्या

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
भारत में कोरोना से प्रभावित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसे रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें हर संभव कदम उठा रही हैं। लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं लिए जाने के चलते पंजाब, महाराष्ट्र और पुद्दूचेरी में कर्फ्यू लगा दिया गया है। सभी राज्यों ने अपनी सीमाएं सील कर दी हैं। देश में खबर लिखे जाने से पांच घंटे पहले तक कोरोना से प्रभावित लोगों का आंकड़ा 496 पहुंच चुका है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 9 तक पहुंच गया है। दिल्ली में लॉकडाउन के तहत धारा 144 लगाई गई है और इसके सख्ती से पालन पर जोर दिया जा रहा है। किसी भी स्थान पर 5 या पांच से अधिक लोगों को इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही दूसरी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में पूरी तरह से लॉकडाउन जारी है। लेकिन लोगों का सहयोग नहीं मिल पाने की वजह से दिल्ली सरकार भी राजधानी में कर्फ्यू लगाने पर विचार कर रही है। मंगलवार से दिल्ली में सख्ती से कर्फ्यू लगाया जा सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमें सबकी सेहत की चिंता है। इसलिए कुछ कड़े कदम उठाने होंगे। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहाहै कि सोमवार को आधी रात से पूरे राज्य में कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। हमने राज्य में पहले लॉकडाउन की घोषणा की थी, लेकिन लोग इसके बावजूद घरों से बाहर घूम रहे हैं। इसके बाद यह सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
रेलवे ने पहले ही 31 मार्च तक के लिए अपनी सभी रेलगाड़ियों की सेवाएं बंद करने का ऐलान कर दिया था। अब सरकार ने सभी घरेलू उड़ानों को रद्द कर दिया है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 25 मार्च से किसी भी घरेलू यात्री विमान को उड़ान की अनुमति नहीं होगी। यह आदेश मंगलवार 24 मार्च को आधी रात से लागू हो जाएगा।
पंजाब में सोमवार को लॉकडाउन असफल हो जाने की वजह से राज्य सरकार ने पूरी तरह से कर्फ्यू लगा दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने भी सभी वकीलों को अपने चेंबर बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में पहली बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई की गई।
दिल्ली में घुसने के लिए लेना होगा पास
दिल्ली में लॉकडाउन के साथ ही दिल्ली के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। गैरज़रूरी दुकानों को बंद कराया जा रहा है और बेवजह सड़क और गलियों में घूम रहे लोगों को घरों में रहने के लिए कहा जा रहा है। मंगलवार से सख्ती के साथ कर्फ्यू लगाया जाएगा। इसके लिए दिल्ली में काम करने वाले लोगों के लिए कर्फ्यू पास जारी किया जाएगा। कर्फ्यू पास के इस नियम से मीडिया और सरकारी कर्मचारियों को राहत रहेगी। जानकारी के अनुसार इन लोगों के लिए अपने पास कंपनी द्वारा जारी किया आईडी कार्ड रखना अनिवार्य होगा। अभी यह पास बॉर्डर क्रॉस करके आ रहे लोगों के लिए लागू होंगे और बाद में यह पास सबके लिए लागू होंगे। मीडिया संस्थान को भी उन कर्मचारियों की जानकारी डीसीपी दफ्तर में देनी होगी जो फिलहाल दफ्तरों में काम कर रहे हैं।