कोरोना का कहर… विश्व भर में थमी रफ्तार

-इटली और ईरान पर सबसे ज्यादा टूटा कोरोना का कहर
-भारत में महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा कहर इटली में है। वहां एक ही दिन में 475 लोगों की मौत हो गई। अब तक इटली में मृतकों की संख्या 2,978 हो गई है। 24 घंटे के दौरान 4,207 नए मरीज सामने आने से कुल मरीजों की संख्या 35,713 पहुंच गई है। ब्रिटेन में एक दिन में 33 मौत व 676 नए मरीज मिलने के बाद देश के सभी शिक्षण संस्थान बंद किए जा चुके हैं। राहत की खबर चीन से है। यहां केवल 13 नए मरीज मिले हैं और 11 लोगों की मौत हुई है। चीन में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 80,894 पहुंच गई है। इटली के बाद कोरोना का सबसे ज्यादा कहर ईरान पर टूटा है। ईरान में एक दिन में 147 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 1,135 पहुंच गया। ईरान में एक दिन में 1192 नए मरीज सामने आए हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम गेब्रेयसस ने बुधवार 18 मार्च को कहा कि कोरोना वायरस ’मानवता का दुश्मन’ है। जिसकी चपेट में दो लाख से ज्यादा लोग आ चुके हैं। कोरोना वायरस के चलते हम अभूतपूर्व खतरे का सामना कर रहे हैं। बता दें कि ईरान में 147 लोगों की और मौत हो गई है। इससे देश में कोरोना की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 1,135 हो गया है। ईरान इस समय पश्चिम एशिया में इस बीमारी का केंद्र बना हुआ है। आसपास के कई देशों जैसे पाकिस्तान, यूएई, बहरनी और कुवैत में कई मामले ईरान की वजह से सामने आए हैं। देश के उपस्वास्थ्य मंत्री अलीरजा रईसी ने लोगों को सलाह दी है कि वे अगले दो सप्ताह तक घरों में रहें। यहां संक्रमण के 1,192 मामले सामने आए हैं। यहां कुल पीड़ित लोगों की संख्या 17 हजार 361 हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया में इमरजेंसी
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन ने बुधवार को देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। इसे मानव जैव सुरक्षा का नाम दिया गया है। इसके साथ ही देश में नए प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। आपातकाल लागू होने से सरकार को कर्फ्यू लगाने की शक्ति मिल गई है। यदि जरूरी हुआ तो लोगों के लिए अलग थलग रहने का आदेश जारी किया जा सकता है। यह नए प्रतिबंध अब यहां के स्तर चार के आ गए हैं।
इसका मुख्य असर यात्रा करने पर है। नए कानून के तहत सरकार को यह शक्ति मिल गई है कि वह लोगों से कह सके कि वे यात्रा न करें। देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब स्तर चार के प्रतिबंध को लागू किए गए हैं। यहां करीब साढ़े चार सौ पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से पांच की मौत हो चुकी है और 43 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
सऊदी में नमाज पढ़ने पर रोक
सऊदी अरब ने देश की सभी मस्जिदों में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी है। शासन की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि ये प्रतिबंध इस्लाम की दो सबसे पवित्र जगहों मक्का और मदीना की मस्जिदों पर लागू नहीं होगा। सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार मस्जिदें पांचों वक्त की नमाज के लिए बंद रहेंगी। इसके अलावा जुमे की नमाज भी अदा नहीं की जा सकेगी।
आदेश के अनुसार अब लोग घरों में ही नमाज अदा करेंगे। सऊदी अरब में कोरोना के करीब 170 मामले सामने आए हैं। यहां सिनेमाहॉल, मॉल और रेस्तरां बंद किए जा चुके हैं। यहां उमरा पर भी रोक लगा दी गई है। इसके अलावा 15 दिन के लिए निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को काम पर नहीं आने का आदेश दिया गया है।
अमेरिका में संख्या 6500 के पार, 115 मरे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार 18 मार्च को कहा कि उनका प्रशासन रक्षा उत्पादन अधिनियम लागू करेगा। इस कदम के जरिए कोरोना वायरस प्रकोप से निपटने के लिए मास्क और दस्ताने समेत प्रमुख चिकित्सा आपूर्ति और उपकरणों के घरेलू निर्माण में तेजी आएगी।
अमेरिका में कोरोना वायरस मामलों की संख्या 6500 के पार हो गई है। यहां 115 लोगों की जान जा चुकी है। कोरिया से युद्ध शुरू होने पर 1950 में इस अधिनियम को कांग्रेस ने पारित किया था। इसके तहत राष्ट्रपति राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित औद्योगिक उत्पादन को बढ़ाने का आदेश दे सकते हैं।
दुनियाभर में 85 करोड़ बच्चों की पढ़ाई बंद
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक इस समय विश्व में करीब 85 करोड़ बच्चे, किशोर और युवा स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनेस्को ने बुधवार को एक रिपोर्ट जारी करके यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 113 देशों ने शैक्षिक संस्थानों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया है।
बांग्लादेश में पहली मौत
कोरोना की वजह से बांग्लादेश में बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बांग्लादेश में इस बीमारी की वजह से होने वाली मौत का यह पहला मामला है। अधिकारियों के मुताबिक उस शख्स की उम्र 70 साल थी और वह पहले से कई बीमारियों से ग्रस्त था।
ब्रिटेन में मॉस्क और सैनेटाइजर के लिए राशनिंग
यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) में मास्क, सैनेटाइजर की भारी मांग है। कम आपूर्ति को देखते हुए यहां राशनिंग के जरिए ही इन्हें बेचा जाएगा। देश की सबसे बड़ी सुपरमार्केट चेन बूट्स सहित दूसरी चेनों ने तय किया है कि जरूरी सामान केवल राशन प्रणाली के जरिए ही बेचा जाएगा। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि थर्मामीटर, पैरासीटामॉल और हाथ धोने का साबुन बाजार में मुश्किल से मिल रहा है। साबुन की बिक्री में एक हजार गुना का इजाफा हो गया है।
विश्वभर में 3.4 खरब डॉलर का नुकसान
संयुक्त राष्ट्र ने कोरोना वायरस के चलते लाखों लोगों के बेरोजगार होने का अंदेशा जताया है। इससे दुनियाभर में कामगारों को 3.4 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र ने बुधवार 18 मार्च को चेतावनी जारी करते हुए कहा, महामारी से दुनिया भर में बेरोजगारी और कामकाजी गरीबी बढ़ेगी। लाखों लोगों का रोजगार जाएगा। इसका सीधा मतलब है कि एक बड़ी राशि का नुकसान होगा। 2020 के अंत तक कामगारों के 860 बिलियन या 3.4 ट्रिलियन डॉलर गंवाने का खतरा बन गया है।
व्हाट्सएप बनाएगा ‘वायरस सूचना केंद्र’
व्हाट्सएप ने दो बड़े ऐलान किए हैं। कोरोना वायरस के खिलाफ वैश्विक मुहिम में व्हाट्सएप विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ और यूएनडीपी के साथ मिलकर ‘कोरोना वायरस सूचना केंद्र’ बनाने और इंटरनेशनल फैक्ट चेकिंग नेटवर्क को एक मिलियन डॉलर की मदद देने का ऐलान किया है। व्हाट्सएप के मुताबिक सूचना केंद्र सभी स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों, सामुदायिक नेताओं, गैर लाभकारी संगठनों, स्थानीय सरकारों और कंपनियों को कोरोना के साथ लड़ाई में मदद करेगा।
चीन देगा श्रीलंका को 50 करोड़ डॉलर
श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए चीन ने मदद करने का ऐलान किया है। चीन अपने विकास बैंक से 50 करोड़ डॉलर का ऋण देगा। श्रीलंका के वित्त मंत्रालय ने कहा है कि देश के आधिकारिक भंडार को बढ़ाने के लिए अगले सप्ताह की शुरुआत में 50 करोड़ डॉलर का ऋण जारी कर दिया जाएगा।
अमेरिका में पढ़ रहे छात्रों को भारत की एडवायजरी
संयुक्त राज्य अमेरिका में स्थित भारतीय दूतावास ने कोरोना महामारी के मद्देनजर वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों के लिए एडवायजरी जारी की है। महामारी को देखते हुए यूनाइटेड किंगडम में शुक्रवार से स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है।
पाकिस्तान में पहली मौत
पाकिस्तान ने अपने देश में कोरोनो वायरस से पहली मौत की पुष्टि की है। पाकिस्तान में अब तक कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 289 हो गई है। पाकिस्तान के सिंध, इस्लामाबाद और खैबर-पख्तूनख्वा प्रांतों में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले सामने आने के साथ ही इसके शिकार लोगों का आंकड़ा बढ़कर 250 तक पहुंच गया है। इनमें अधिकतर मामले ईरान से आ रहे जायरीनों से संबंधित हैं। इस्लामाबाद में चार जबकि सिंध में नौ और खैबर-पख्तूनख्वा में तीन नए मामले दर्ज किए गए हैं।
181 मामलों के साथ पाकिस्तान में सिंध सर्वाधिक प्रभावित प्रांत है जबकि पंजाब में 26, खैबर-पख्तूनख्वा में 19, इस्लामाबाद में आठ, गिलगित-बाल्तिस्तान में तीन मामले सामने आए हैं। बलूचिस्तान सरकार ने कुल 16 मामले बताए हैं, वहीं इसके विपरीत संघीय सरकार ने संक्रमितों की संख्या 15 बताई है। पाकिस्तान में सर्वाधिक प्रभावित प्रांत में कोविड-19 के अधिकतर मामले ईरान से लौटे जायरीनों से जुड़े हुए हैं। स्थानीय संक्रमण का मामला आधा दर्जन से भी कम है।
ढाई करोड़ और लोग बेरोजगार
संयुक्त राष्ट्र ने बुधवार 18 मार्च को कहा कि कोरोना की महामारी से दुनियाभर में बेरोजगारी बहुत तेजी से बढ़ेगी और लगभग ढाई करोड़ लोग और बेरोजगार जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन ने अपने ताजा अध्ययन में कहा है कि कोरोना वायरस से उत्पन्न आर्थिक और श्रम संकट के चलते लगभग ढाई करोड़ लोग बेरोजगार हो सकते हैं। हालांकि संगठन ने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय समन्वित प्रतिक्रिया नीति इस संख्या को काफी कम कर सकती है।
दुनियाभर में दो लाख से ज्यादा हुए कोरोना के शिकार
कोरोना वायरस से अब तक दुनिया भर में दो लाख से ज्यादा लोग शिकार हो चुके हैं। इस बीमारी का प्रकोप दिसंबर में चीन से शुरू हुआ था। बुधवार 18 मार्च को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार दोपहर एक बजे तक कोरोना वायरस से दुनियाभर में करीब 200,680 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 8000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
यूएई में विदेश यात्रा पर प्रतिबंध
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए अपने सभी नागरिकों की विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकारी न्यूज एजेंसी वाम ने इस बात की जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने यह कदम देश के नागरिकों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए उठाया है। यूएई में कोरोना वायरस से 113 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
स्कॉटलैंड और वेल्स में स्कूल बंद
स्कॉटलैंड और वेल्स यूनाईटेड किंगडम में पहले ऐसे देश हैं जहां कोरोना वायरस महामारी के चलते स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। अनुमान है कि स्कूल गर्मियों में नहीं खुलेंगे।
कनाडा-अमेरिका ने बंद की सीमा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि कनाडा और अमेरिका सीमा को गैर जरूरी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। ट्रंप ने अपने ट्वीट में कहा है कि हम आपसी सलाह से कनाडा के साथ लगने वाली सीमा को गैर जरूरी यातायात के लिए बंद कर रहे हैं। इससे व्यापार प्रभावित नहीं होगा।
14 दिन एकांत में रहेंगे सिंगापुर में प्रवेश करने वाले
सिंगापुर की सरकार ने घोषणा की है कि देश में आने वाले हर यात्री को शनिवार 21 मार्च से 14 दिन तक अकेले यानी एकांतवास में रहना होगा। यह सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी यात्रियों के नोटिस जारी कर इस बात की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि फ्रांस, जर्मनी, इटली, ईरान, कोरिया और स्पेन गणराज्य से प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के नियम लागू किए जाएंगे।
चीन ने फ्रांस को भेजे लाखों की संख्या में मास्क
चीन ने फ्रांस को चिकित्सा व्यवस्था में ममद के लिए आपूर्ति भेजी है। जिसमें लाखों की संख्या में मास्क शामिल हैं। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन येवेस ले ड्राइन ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी है।
चिली में 90 दिन का आपातकाल
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच चिली के राष्ट्रपति सेबेस्टियन पिएनेरा ने गुरूवार 19 मार्च से 90 दिन के लिए आपातकाल की घोषणा की है। ला मोनेदा के राष्ट्रपति महल से एक भाषण के दौरान, पिएनेरा ने कहा कि वायरस के बढ़ने से रोकने के लिए यह उपाय किया जा रहा है। यह गुरुवार (11 बजे ईटी बुधवार) की आधी रात को लागू होगा। पिएनेरा ने कहा कि इस फैसले से सरकार को सार्वजनिक समारोहों को प्रतिबंधित करने, जरूरत पड़ने पर कर्फ्यू लागू करने और लागू करने की अनुमति मिलेगी।
चीन ने फिलीपींस भेजीं एक लाख कोरोना जांच किट
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए चीन ने फिलीपींस को एक लाख कोरोना वायरस जांच किट भेजी है। इसके साथ ही जरूरी चिकित्सा आपूर्ति भी मनीला रवाना की गई है। फिलीपींस के विदेश सचिव टियोडोरो लोकसीन जूनियर ने इस बात की जानकारी दी है।
हाल ही में लोकसीन ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से इस संबंध में बात की थी। मनीला में स्थित चीनी दूतावास ने कहा कि वह फिलीपींस में कोरोना वायरस पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है। फिलीपींस में अब तक 202 लोग इस जानलेवा वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
नाइजीरिया ने लगाया प्रतिबंध
नाइजीरिया ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए 1 हजार से ज्यादा कोरोना के मामलों वाले देशों के नागरिकों के अपने यहां आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रपति की टास्क फोर्स ने ट्वीटर पर इसकी घोषणा की है। यह प्रतिबंध चीन, इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, स्पेन, जापान, फ्रांस, जर्मनी, अमेरिका, नॉर्वे, यूके, नीदरलैंड और स्विटजरलैंड के नागरिकों पर लागू होगा।
ईरान में मरने वालों की संख्या 1100 के पार
ईरान में बुधवार 18 मार्च को कोरोना वायरस से 147 और लोगों की मौत हो गई। अब तक ईरान में कोरोना से 1,135 लोगों की मौत हो चुकी है। मध्यपूर्व में ईरान कोरोना वायरस का केंद्र बना हुआ है। उप स्वास्थ्य मंत्री अलिरेजा रायसी ने ईरान में लोगों को वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दो सप्ताह की अवधि के लिए घर पर रहने की सलाह दी है।
ईरान में लगातार तीसरे सप्ताह शुक्रवार की नमाज पर रोक लगा दी गई। बहुत से ईरानी इस शुक्रवार नौवरूज मना रहे हैं, जिसे पर्शियन नया साल माना जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने ईरान में 1,192 मामलों की पुष्टि की है। इस तरह देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,361 हो गई है।
हांग कांग में कोरोना के मामलों में तेजी
हांग कांग में बुधवार 18 मार्च को कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखी गई। हाल ही में हांग कांग में कोरोना के मामलों में गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन एक बार फिर मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी सरकार के लिए चिंता का विषय बन गया है।
लगभग पूरे मार्च के महीने में रोजाना कोरोना के कुछ ही मामले सामने आए। बुधवार को देश में कोरोना वायरस के 14 मामले सामने आए। संक्रमित पाए गए लोगों में से एक को छोड़कर सभी ने विदेश यात्रा की है। हांग कांग में अभी तक कोरोना वायरस के 182 मामले सामने आए हैं।
पोलैंड सीमा पर 50 किलोमीटर लंबा जाम
कोरोना से मची अफरा तफरी की वजह से पोलैंड के सीमा पर 50 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। पोलैंड में रहने वाले अन्य यूरोपीय देशों के नागरिक अपने देश वापस लौट रहे हैं। जिस कारण लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को 24 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
यहां सरकार ने विदेशी नागरिकों के आगमन पर पूरी तरह प्रतिबंद लगा दिया है। देश लौट रहे पोलिश नागरिकों को 14 दिनों तक एकांतवास में रहना जरूरी किया गया है। सीमा सुरक्षा बलों ने सभी सुरक्षा उपकरणों को पहना हुआ है और वह सीमा पार से आने वाले लोगों के तापमान की जांच कर रह रहे हैं।
फिलीपीन में फंसे भारतीय छात्रों ने मांगी मदद
फिलीपीन में फंसे सैकड़ों भारतीय छात्रों ने वीडियो संदेशों के जरिए मदद मांगी है। वह कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए भारत द्वारा लागाई गई पाबंदी के चलते स्वदेश लौट नहीं पा रहे हैं। अमेरिका में इन छात्रों के कुछ दोस्तों और रिश्तेदारों ने यह जानकारी दी। भारत सरकार ने कोरोना की वजह से अफगानिस्तान, फिलीपीन और मलेशिया से यात्रियों के भारत में प्रवेश पर मंगलवार को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
‘ग्रैंड प्रिंसेस’ पर अलग रखे भारतीय चालक दल की मदद
वाशिंगटन में भारतीय दूतावास कोरोना वायरस प्रभावित ‘ग्रैंड प्रिंसेस’ क्रूज जहाज पर सवार चालक दल के भारतीय सदस्यों के संपर्क में है। दूतावास की ओर से उन्हें हर प्रकार की जरूरी मदद की जा रही हे। ओकलैंड में बंदरगाह पर पहुंचने से पहले यह जहाज कई दिन तक कैलिफोर्निया के तट के निकट समुद्र में घूमता रहा था। इसने अंततः सोमवार सुबह सैन फ्रांसिस्को खाड़ी की ओर बढ़ना शुरू किया। अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को ट्वीट किया कि हम ग्रैंड प्रिंसेस पर चालक दल के भारतीय सदस्यों के कुशलक्षेम को लेकर जहाजरानी कंपनी और अमेरिकी प्राधिकारियों के संपर्क में हैं। चालक दल के सभी सदस्यों को अनिवार्य रूप से 14 दिन तक अलग रहना होगा।
वुहान में दूसरे दिन एक मामले की पुष्टि
कोरोना वायरस का केंद्र रहे चीन के वुहान शहर में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन केवल एक मामले की पुष्टि की गई। हालांकि देश में इस बीमारी से 11 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 3,237 पर पहुंच गई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि देश में मंगलवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से 11 और लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही 13 नए मामलों की पुष्टि हुई।
अमेरिका में 105 पर पहुंचा मृतकों का आंकड़ा
कोरोना वायरस से दुनियाभर में मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अमेरिका में इस बीमारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 105 पर पहुंच गई है। यह वायरस अमेरिका के सभी 50 राज्यों में फैल गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालात को संभालने के लिए युद्ध जैसे प्रयास तेज कर दिए हैं। इनमें अर्थव्यवस्था को राहत देने के लिए एक हजार अरब डॉलर का पैकेज देना भी शामिल है।