महंगी प्याज पर कांग्रेस का कोहराम!

-दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने किया सचिवालय पर प्रदर्शन
-प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के नेतृत्व में प्रदर्शन

टीम एटूजेड/परफैक्ट न्यूज ब्यूरो/नई दिल्ली
राजधानी में प्याज की आसमान छू रही कीमत के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सरकार के सचिवालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपने गले में प्याज की माला डाल कर आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा ने किया। विरोध प्रदर्शन में महिलाएं भी भारी संख्या में शामिल हुईं। सुभाष चौपड़ा व पुलिस के बीच उस समय तीखी झड़प हो गई जब वह बेरिकेट फांद कर दिल्ली सचिवालय की ओर बढ़ने लगे। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 3 बजे से ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पर इकटठा होना शुरु हो गए थे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में सरकार विरोधी लिखी हुई तख्तियां थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘केजरीवाल सरकार हाय-हाय’, ‘सस्ता प्याज जो दे सके वो सरकार निकम्मी है, जो सरकार निकम्मी है वो सरकार बदलनी है’, ‘केजरीवाल का अंधाराज, मंहगी सब्जी, महंगा प्याज’ और ‘देखो केजरीवाल व भाजपा का खेल, प्याज किया 100 के पार’ आदि जैसे नारे लगाए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने वाटर केनन व दंगा निरोधक दस्ते की गाड़िया व भारी बल तैनात कर रखा था।
सुभाष चौपड़ा ने कहा कि आज राजधानी में प्याज की कीमतें 100 रुपये प्रति किलो से ज्यादा हैं। दिल्ली के लोग भाजपा व दिल्ली सरकार को कोस रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा व आम आदमी पार्टी को याद दिलाना चाहता हूं कि 1998 में दिल्ली की जनता ने भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका था। आज फिर दिल्ली के लोगों से आव्हान करता हूं कि वो आम आदमी पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकें।
सुभाष चौपड़ा ने आगे कहा कि सरकार के गोदामों में प्याज सड़ रहा है। किसानों को उसकी कीमत नही दी जा रही, लेकिन जमाखोरों से हमदर्दी रखने वाली भाजपा व आम आदमी पार्टी की सरकार ने कृतिम आभाव पैदा कर रखा है। उन्होंने भाजपा व केजरीवाल सरकार पर जमाखोरों से साठगांठ करने का भी आरोप लगाया।
मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि प्याज के साथ-साथ आवश्क वस्तुओं व सब्जियों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। गरीब आदमी को अपनी रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। आर्थिक मंदी झेल रहा गरीब आदमी जमाखोरों की हमदर्द आप पार्टी और भाजपा को आगामी चुनाव में सबक जरुर सिखाऐगा। उन्होने चंद घंटे के नोटिस पर भारी संख्या मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।
मुकेश शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि प्याज की कीमतें कम नहीं की गईं तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्थायी तौर पर सुभाष चौपड़ा के नेतृत्व में दिल्ली सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। यदि फिर भी स्थिति समान्य नहीं हुई तो दिल्ली में चक्का जाम किया जाएगा।
प्रदर्शन में सुभाष चौपड़ा के अलावा पूर्व सांसद परवेज हाश्मी, महाबल मिश्रा, रमेश कुमार, कृष्णा तीरथ, मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव मनीष चतरथ, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास छिकारा, दिल्ली प्रदेश सेवादल संगठक सुनील कुमार, पूर्व मंत्री किरण वालिया, डॉ नरेन्द्र नाथ, मंगतराम सिंघल, निगम में विपक्ष के नेता मुकेश गोयल, अभिषेक दत्त, रिंकू, पूर्व विधायक नसीब सिंह, राजेश लिलोठिया, वीर सिंह धींगान, कुंवर करण सिंह, जितेन्द्र कुमार कोचर, विपिन शर्मा, मालाराम गंगवाल, चौधरी मतीन अहमद, चतर सिंह, निगम पार्षद, इंदु, खविन्द्र सिंह कैप्टन, दर्शना जाटव, पूर्व महापौर सतवीर सिंह, सहित निगम पार्षद, सभी जिला एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।