सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दी वेस्ट दिल्ली लायंस को 21 रन से शिकस्त

-वेस्ट दिल्ली लायंस ने दिया था 233 रन का लक्ष्य

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 23 अगस्त।
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के हाई-स्कोरिंग मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार संयम का परिचय देते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस को 21 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 232 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने शानदार स्ट्रोकप्ले का प्रदर्शन किया।
सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ जूण ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए महज 17 गेंदों में 33 रन की पारी खेली। इसके बाद समर्थ सेठ ने 14 गेंदों में 37 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम के स्कोर को और गति प्रदान की। हालांकि, पारी के अंतिम चरण में मनी ग्रेवाल ने सबसे बड़ा योगदान दिया। ग्रेवाल ने सिर्फ 16 गेंदों में 42 रन की तूफानी पारी खेली और सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 232 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज के मुकाबले भी खेले जाएंगे।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से मनन भारद्वाज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट हासिल किए, हालांकि अपने चार ओवर में 37 रन खर्च किए।
233 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने शानदार शुरुआत की और महज 4.5 ओवर में 2 विकेट पर 71 रन बना लिए। इसके बाद आर्यवीर सहवाग के आउट होने से लायंस को एक और झटका लगा। कृष यादव और अंकित कुमार ने पारी को संभालते हुए जवाबी हमला किया और चैथे विकेट के लिए 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी ने वेस्ट दिल्ली लायंस को मुश्किल लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद जगाई।
हालांकि, तेजस बरोका ने कृष यादव को 26 गेंदों में 46 रन की शानदार पारी के बाद आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। यादव के आउट होने से लायंस पर दबाव बढ़ गया, लेकिन अंकित कुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा। अंकित कुमार भी 30 गेंदों में शानदार 61 रन बनाने के बाद आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद वेस्ट दिल्ली लायंस मुश्किल स्थिति में पहुंच गया और आवश्यक रन रेट लगातार बढ़ता गया।
लायंस की टीम अंतिम ओवरों में अपनी गति बरकरार नहीं रख सकी और 20 ओवर में 8 विकेट पर 211 रन ही बना पाई। इस तरह वह लक्ष्य से 21 रन पीछे रह गई। बल्ले और गेंद दोनों से अनुशासित प्रदर्शन के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कड़ी मेहनत से जीत दर्ज की।