‘रेवड़ीवाल’ के नक्शेकदम पर BJP के ‘लाल’… 500 रूपये में गैस सिलेंडर देगी ‘चुपके से’ सब्सिडी खत्म करने वाली BJP!

-बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 17 दिसंबर।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘मुफ्त बिजली-पानी’ जैसी योजनाओं को ‘फ्री की रेवड़ी’ बताकर पुरजोर आलोचना करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जारी संकल्प पत्र में फ्री की योजनाओं की झड़ी लगा दी है। खास बात तो यह है कि लोगों को गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को चुपके से खत्म करने वाली बीजेपी (सरकार) अब दिल्ली के गरीबों को अपनी सरकार बनने पर गैस सिलेंडर पर 500 रूपये की सब्सिडी देगी और एक साल में दो बार यानी होली-दीपावली पर दिल्ली वालों को एक-एक गैस सिलेंडर मुफ्त दिया जायेगा।
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आक्रामक रूख अपनाते हुए अपने संकल्प पत्र में ब़ड़ी घोषणाएं की हैं। शुक्रवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि संकल्प पत्र विकसित दिल्ली का आधार रखने वाला है। नड्डा ने कहा कि जो योजनाएं पहले से चल रही हैं वो ऐसे ही चलती रहेंगी। दिल्ली के लोगों को बिजली-पानी जैसे मिल रही थी वो वैसे ही मिलती रहेगी। पहले घोषणा पत्र को लोग और पार्टियां भूल जाती थी। अब यह संकल्प है और धरती पर उतारा जाता है। यह बदलाव है कि सरकार का रिपोर्ट कार्ड मांगा जाता है। भाजपा जो कहती है वो करती है।
नड्डा ने कहा कि उनकी सरकार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा की तरह महिला समृद्धि योजना के तहत 2500 रूपये प्रतिमाह देगी। पहली कैबिनेट बैठक में इसे लागू किया जाएगा। गरीब महिलाओं को पांच सौ में गैस सिलेंडर और होली दीपावाली पर दो निःशुल्क सिलेंडर मिलेंगे। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को 21 हजार नकद और न्यूट्रिशन किट दी जाएगी।
जेपी नड्डा ने आगे कहा कि आपदा पार्टी ने आयुष्मान भारत योजना से दिल्ली के 51 लाख लोगों को वंचित रखा है। पहली कैबिनेट में इसे लागू किया जाएगा। इसके साथ दिल्ली सरकार की तरफ से पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। इस तरह से 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा होगा। 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को भी 10 लाख का स्वास्थ बीमा किया जाएगा।
दिल्ली में 60 से 70 वर्ष की आयु तक के बुजुर्गों को 2500 रुपए पेंशन दी जाएगी। दिव्यांग, विधवा और वंचित लोगों को भी 2500 से बढ़ाकर 3000 रूपये की पेंशन दी जायेगी। अटल कैंटीन योजना के तहत सभी झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को पांच रूपये में पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जायेगी।
चुपके से बंद हो गई लंबे समय से लोगों के खातों में आने वाली सब्सिडी
राजनीतिक विश्लेषक गुरविंदर चड्ढा ने कहा कि लोगों को पहले गैस सिलेंडर पर सब्सिडी मिलती थी, यह सब्सिडी पहले सिलेंडर की कीमत पर सीधे तौर पर लोगों को दी जाती थी। उसके पश्चात सब्सिडी की राशि लोगों के खातों में सीधे तौर पर आने लगी। परंतु केंद्र में बीजेपी की सरकार आने के कुछ समय के पश्चात ज्यादातर लोगों के बैंक खातों में आने वाली सब्सिडी अपने आप बंद हो गई है। ऐसे में बीजेपी के द्वारा एक बार फिर से दिल्ली विधानसभा चुनाव में गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने का मुद्दा हास्यास्पद लगता है।