BJP: बागियों पर गिरी विधानसभा चुनाव की गाज… तीन मंडल अध्यक्षों सहित 6 पदाधिकारी हटाये

-दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने की पार्टी विरोधी काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
-राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार के खिलाफ पार्टी विरोधी काम करने का आरोप

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 30 अगस्त, 2022।
राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी कैंडिडेट के खिलाफ काम करने वाले बागियों पर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की गाज गिरी है। पार्टी ने तीन मंडल अध्यक्षों सहित आधा दर्जन से ज्यादा पदाधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस तरह की कार्रर्वा से पार्टी विरोधी गतिविधियों में जुटने वाले लोगों के खिलाफ कठोर संदेश जायेगा।
प्राप्त सूचना के मुताबिक राजेंद्र नगर के मंडल अध्यक्ष संजय सिंघल, इंद्रपुरी मंडल के अध्यक्ष रजत गर्ग और नारायणा मंडल के अध्यक्ष ललित रावत के साथ महिला मोर्चा की पदाधिकारी सोनिया सिन्हा, करोलबाग जिला के एक महामंत्री सुरेश गुप्ता और पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ठाकुर को उनके पदों से तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है
गौरतलब है कि आप विधायक राघव चड्ढा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उनके स्तीफे से राजेंद्र नगर विधानसभा की सीट खाली हुई थी। पिछले दिनों इस सीट पर उपचुनाव हुआ था। बीजेपी ने इस सीट से पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया को चुनावी मैदान मे उतारा था। लेकिन आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक ने यह सीट करीब 10 हजार वोटों के अंतर से जीत ली थी।
बीजेपी प्रदेश नेतृत्व को पता चला था कि चुनाव के दौरान पार्टी के कुछ नेताओं ने उम्मीदवार और पार्टी के खिलाफ काम किया था। जिसकी वजह से बीजेपी से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्र बताते हैं कि पार्टी उम्मीदवार की हार हुई थी। इस मामले में करीब 1 दर्जन बीजेपी नेताओं के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। इसके पश्चात दिल्ली बीजेपी की अनुशासन समिति ने इन शिकायतों पर विचार के बाद कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की शिफारिश की थी। इसके पश्चात इन पदाधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।