-विरोध प्रदर्शन में दिवंगत सफाई कर्मी दीपक की पत्नी भी गोद में छोटे बच्चे के साथ शामिल हुईं
एसएस ब्यूरो/नई दिल्ली, 19 सितम्बर।
सफाई कर्मी दीपक को आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए विवश करने के मामले में आम आदमी पार्टी के त्रिलोकपुरी से निगम पार्षद विजय कुमार की भूमिका सामने आने के बाद उनके इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को त्रिलोकपुरी स्थित निगम पार्षद कार्यालय के बाहर स्थानीय लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक रविकांत उज्जैनवाल और पार्षद प्रियंका गौतम ने किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, पीड़ित परिवार को न्याय मिले और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और निगम पार्षद कार्यालय के स्टाफ के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति भी उत्पन्न हुई। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पार्षद विजय कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व उप महापौर राजकुमार ढिल्लों, पूर्व विधायक रोहित महरौलिया, त्रिलोकपुरी मंडल अध्यक्ष सुनील सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक दीपक के परिवार को न्याय नहीं मिलता और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।


