-एबीवीपी की यह जीत सिद्ध करती है कि जब युवा राष्ट्र के साथ खड़ा होता है, तो देश की कोई ताकत उसे गुमराह नहीं कर सकतीः हर्ष मल्होत्रा
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली 19 सितम्बर।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऐतिहासिक जीत, दिल्ली के छात्रों के राष्ट्रवादी संकल्प की जीत है। यह जीत केवल 3 पदों की जीत नहीं है। यह उन ताकतों की हार है जो कैंपस को राजनीति का अखाड़ा बनाकर युवाओं को जैन-जी का नाम देकर उनको गुमराह करना चाहती थीं। ये वो लोग थे जो युवाओं के हाथ में किताब की जगह नफरत का झंडा देना चाहते थे। जो देश की एकता को तोड़कर, टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा डीयू के हॉस्टलों तक लाना चाहते थे।
हर्ष मलहोत्रा ने आगे कहा कि आज डीयू के छात्र-छात्राओं ने साफ संदेश दे दिया है कि दिल्ली का युवा अब झूठे वादों और विदेशी फंडिंग वाली राजनीति को नकारता है। आज का युवा जागरूक है और वो जानता है कि देश का भविष्य राष्ट्रवाद, राष्ट्र निर्माण और शिक्षा में है, न कि अराजकता और हिंसा में।
हर्ष मलहोत्रा ने आगे कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन पर छात्रों की मुहर है। यह जीत उन माताओं-बहनों की जीत है जो चाहती हैं कि उनका बेटा-बेटी कैंपस में सुरक्षित पढ़े। यह जीत ‘छात्र शक्ति – राष्ट्र शक्ति’ के मंत्र की जीत है। दिल्ली भाजपा एबीवीपी के सभी जीते हुए पदाधिकारियों को हृदय से बधाई देती है। हमें विश्वास है कि एबीवीपी के कार्यकर्ता डीयू में शिक्षा, संस्कार और सेवा के नए आयाम स्थापित करेंगे।


