बीजेपी एमएलए पर दुष्कर्म का आरोप

-पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू

टीम एटूजैड/ भदोही (यूपी)
एक और बीजेपी विधायक ने पार्टी की फजीहत करा दी है। उत्तर प्रदेश के भदोही से बीजेपी विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। उनके साथ छह अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला का आरोप है कि 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान भदोही के एक होटल में उसके साथ रेप किया गया था।
वाराणसी की रहने वाली महिला ने कुछ दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की थी कि 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी के भतीजे संदीप त्रिपाठी ने उसको मुंबई से भदोही बुलाया था। आरोप है कि भदोही में उसे कई दिनों तक रखा गया था।
आरोप है कि होटल में बीजेपी विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने उसके साथ रेप किया उसके बाद विधायक के भतीजों और बेटों ने भी अलग-अलग दिनों में रेप किया था। पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि 2014 में विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी के भतीजे संदीप त्रिपाठी से उसकी मुलाकात मुंबई जाते समय ट्रेन में हुई थी।
ट्रेन में दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई और दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किए थे। उसके बाद शादी का झांसा देकर विधायक के भतीजे संदीप ने कई साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक के भतीजे संदीप ने उसको भदोही बुलाया और कई दिन तक वह भदोही की एक होटल में रुकी थी। वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।