BJP के MCD के नेता ने बुक कराया और बीजेपी के ही नेता की शिकायत पर CM ने रद्द कराई ‘बकरा बाजार’ की बुकिंग!

-स्थानीय विधायक आले इकबाल के कहने पर एमसीडी में बड़े पद पर विराजमान बीजेपी के नेता ने ही की थी बुकिंग की सिफारिश!

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 23 मई, 2026।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रामलीला मैदान के पास स्थित नेहरू हिल पार्क की बुकिंग को शनिवार (छुट्टी के दिन) रद्द कर दिया। ईद के त्योहार को मनाने के नाम पर बुक कराये गये इस पार्क में अवैध बकरा बाजार चलाया जा रहा है।
प्रदेश बीजेपी के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता के साथ कुछ लोगों ने मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता से मिलकर नेहरू हिल पार्क में लगे अवैध बकरा बाजार को नगर निगम की आवंटन रसीद काट के वैध किए जाने को रद्द करने की मांग की थी। रसीद में कहीं भी बकरा बाजार लगाने का जिक्र नही है। प्रतिनिधि मंडल ने यह आरोप भी लगाया कि यह साफ तौर पर नगर निगम के अधिकारियों को डरा धमका कर रसीद कटवा कर अवैध को वैध करने का मामला है।
मुख्यमंत्री को दिये ज्ञापन में यह आरोप भी लगाया गया कि दिल्ली नगर निगम अधिकारियों द्वारा दिल्ली गेट वार्ड के माता सुंदरी रोड़ क्षेत्र के कुछ अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े असामाजिक तत्वों के दबाव में रामलीला मैदान स्थित नेहरु हिल पार्क को एक फर्जी आर.डब्लू.ए. को आवंटित कर दिया गया है। जिससे मिली जुली आबादी के क्षेत्र के सभी समुदायों के नागरिकों में रोष है।
करीब 8 मई 2026 से कुछ असामाजिक तत्वों ने पहली बार रामलीला मैदान के सामने स्थित नेहरू हिल पार्क पर कब्जा कर वहां बकरे बांध कर ईद का बकरा बाजार खोल दिया। दिल्ली नगर निगम के शहरी क्षेत्र के होर्टिकल्चर विभाग ने दो बार सम्बंधित पुलिस थाने में शिकायत देकर पार्क से अवैध कब्जा खाली करवाने का प्रयास किया पर कब्जा खाली नही हुआ।
शुक्रवार को अचानक यह बात सामने आई कि दिल्ली नगर निगम ने स्थानीय विधायक आले मोहम्मद के दबाव में नेहरू हिल पार्क 1 लाख 7 हजार रूपए लेकर 21 से 27 मई तक के लिए किसी मौ अखलाक की फर्जी आर.डब्लू.ए. के नाम आवंटित कर दिया है।
अमित गुप्ता ने कहा विगत 70 साल में मिली जुली आबादी वाले इस क्षेत्र के इस नेहरु हिल पार्क में कभी बकरा बाजार नही लगा और आज जब दिल्ली सरकार साफ कह रही है की किसी सार्वजनिक स्थल पर बकरे नही काटने दिए जायेंगे ऐसे में नगर निगम द्वारा पार्क का आवंटन गलत है और हमने मुख्य मंत्री से इसे रद्द करवाने की मांग की है और उन्होने हमे उचित कार्रवाई करने को लेकर आश्वस्त किया है।
बीजेपी के नेताजी ने ही की थी बुकिंग की सिफारिश!
बताया जा रहा है कि ‘अवैध बकरा बाजार’ के मामले क तूल पकड़ने के बाद इसी सप्ताह विधायक आले मोहम्मद ने एमसीडी में बड़े पद पर बैठे एक बीजेपी नेता से मुलाकात करके पार्क की बुकिंग कराने के लिए कहा था। तब इन्हीं नेताजी ने एमसीडी के अधिकारियों को फोन करके जरूरी शुल्क लेकर पार्क की बुकिंग किये जाने की सिफारिश की थी। हालांकि अब नेताजी का कहना है कि उन्हें इस पार्क में ‘अवैध बकरा बाजार’ लगाने के बारे में नहीं बताया गया था।’