जेल जाएंगे बीजेपी नेता!

-दिल्ली बीजेपी के नेताओं की तिहाड़ जेल की यात्रा तय
-दिल्ली की दूसरी जेलों में भी जाएंगे बीजेपी के नेता

हीरेंद्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को जेल जाना होगा। उन्होंने काम ही ऐसा किया है कि पार्टी के नेताओं की तिहाड़ जेल की यात्रा तय है। आने वाले दिनों में यह खबरें दिल्ली वालों के सामने आने वाली हैं। खबर पॉजिटिव है। दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा की है कि पार्टी के नेता दिल्ली के हर वर्ग के लोगों से संपर्क करेंगे। इसके बाद उनसे मिले सुझावों को पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। इसके लिए पार्टी के कुछ नेता दिल्ली की विभिन्न जेलों में जाकर कैदियों से भी संपर्क करेंगे।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को ‘मेरी दिल्ली मेरा सुझाव’ अभियान के तहत 49 प्रचार रथों को रवाना किया जाएगा। इन रथों को गुरूवार को रवाना किया जाना था। लेकिन पीरागढ़ी इलाके में एक फैक्ट्री में आग लग जाने की वजह से इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी इस अभियान की शुरूआत करेंगे।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी अशोक गोयल ने बताया कि पार्टी की ओर से दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से लोगों की राय ली जा रही है। पार्टी के नेता इस अभियान के तहत दिल्ली में रहने वाले प्रत्येक वर्ग के साथ संपर्क करेंगे। उनसे मिले सुझावों को पार्टी के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। इसी के तहत दिल्ली की तिहाड़ जेल सहित विभिन्न जेलों में कुछ कैदियों के साथ भी संपर्क किया जाएगा। उनसे मिले सुझावों को भी पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।