DELHI BJP: पहले होगी जिलाध्यक्षों की घोषणा… जानें कौन है दौड़ में शामिल?

-जुलाई तक टल सकती है प्रदेश कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की नियुक्ति
-संगठन में पद के लिए 60 साल से ऊपर वालों पर नहीं किया जा रहा विचार
-निगम पार्षदों के पति और पत्नियों को भी नहीं मिलेगी संगठन की जिम्मेदारी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 24 मई, 2023।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकारिणी की टीम की घोषणा अभी टलती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि पहले जिला अध्यक्षों (District President) की घोषणा की जायेगी। इसके पश्चात प्रदेश कार्यकारिणी की टीम घोषित की जायेगी। प्रदेश बीजेपी (Delhi BJP) की नई टीम में ज्यादातर युवा चेहरे देखने को मिलेंगे।
दिल्ली बीजेपी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि जिला एवं मंडल अध्यक्षों के पद के लिए 60 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा तय की गई है। इसके साथ ही निगम पार्षदों के पति या पत्नियों को भी संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी देने से बचा जा रहा है। हालांकि आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से ऐसा कुछ कहा नहीं गया है।
बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा में भी समय लग सकता है। जबकि प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा जुलाई महीने में की जा सकती है। इसके पीछे का कारण बताया जा रहा है कि फिलहाल दिल्ली प्रदेश के पास मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने का अगले एक महीने का कार्यक्रम पहले से ही मौजूद है। बताया जा रहा है कि टीम के नाम लगभग तैयार हैं।
जिला अध्यक्ष बनने की दौड़ में ये हैं आगेः-
प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा की टीम में जिला अध्यक्ष बनने की दौड़ में नई दिल्ली जिला से प्रमुख तौर पर नितिन सरदारे, यशपाल वर्मा, रामखिलाड़ी, रविंद्र चौधरी, शैलेंद्र मोंटी, सुरेश शर्मा और सुभाष भड़ाना दावेदार हैं। वहीं करोल बाग जिला से प्रमुख तौर पर वीरेंद्र बब्बर, प्रवीन कुरडिया और सुनील कक्कड़ के नाम प्रमुख दावेदारों में बताये जा रहे हैं। हालांकि सुनील कक्कड़ का नाम 60 वर्ष की आयु की वजह से फंस सकता है।
शाहदरा जिला में अध्यक्ष पद के लिए दीपक गाबा, नरेश चौधरी, सुशील उपाध्याय और राजीव गुगलानी के नाम प्रमुख दावेदारों में बताये जा रहे हैं तो मयूरविहार में अध्यक्ष पद के सबसे बड़ा दावेदार विजेंद्र धामा को बताया जा रहा है। हालांकि यहां सुनील चौधरी, जितेंद्र डेढ़ा और करन चौधरी भी जिला अध्यक्ष पद के मजबूत दावेदार हैं। यह भी बताया जा रहा है कि सुनील चौधरी को सांसद गौतम गंभीर का आशीर्वाद प्राप्त है।
नवीन शाहदरा जिला से मनोज त्यागी अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार हैं। दूसरी ओर यहां आशीष तिवारी, जितेंद्र तंवर, प्रवेश दिवाकर और संजय कौशिक भी जिला अध्यक्ष पद की दावेदारी कर रहे हैं। उत्तर-पूर्वी जिला से अध्यक्ष पद के लिए डॉ. यूके चौधरी, दीपक त्यागी, कपिल देव मिश्रा, दिनेश धामा और रंजन त्यागी दावेदारी कर रहे हैं।
चांदनी चौक जिला से अशोक तोमर, अजय भारद्वाज और सचिन दिवान अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में बताये जा रहे हैं। हालांकि राजा खारी भी दावेदारी कर रहे हैं लेकिन उन्हें पार्षद विकेश सेठी समर्थित बताया जा रहा है। विकेश सेठी हाल ही में पार्टी के ही एक नेता के खिलाफ कार्रवाई करने के मामले में विवादित हुए थे। यदि उम्र की सीमा बाधा नहीं बनती है तो धरमवीर शर्मा और प्रवीण जैन भी इस पद पर दावेदारी कर रहे हैं।
केशव पुरम जिला से अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में संजीव शर्मा और महेश अवाना का नाम बताया जा रहा है। हालांकि यहां से मंजीत सिंह व मंगत राम शर्मा भी दावेदार बताये जा रहे हैं। वहीं उत्तर-पश्चिमी जिला में अध्यक्ष पद के लिए आलोक शर्मा व सुरेंद्र खरब प्रमुख दावेदारों में हैं। यहां से सत्यनानायण गौतम, महेश तोमर और मनीष चौधरी भी दावेदार हैं।
बाहरी दिल्ली जिला से राजपाल (भूरा), दलवीर व पूर्व पार्षद सुरेंद्र मोहन पांडे को प्रमुख दावेदारों में बताया जा रहा है। इसके साथ ही यहां से संजय चावला, और राम चंद्र चावड़िया भी अध्यक्ष पद के दावेदार हैं।
पश्चिमी जिला से अध्यक्ष पद के दावेदारों में मनजिंदर सिंह सिरसा समर्थित हेमंत सेतिया और राजीब बब्बर समर्थित श्याम सुंदर शर्मा को प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है। दूसरी ओर नजफगढ़ जिला में अध्यक्ष पद के लिए पुलकित शर्मा, सुनील जिंदल, किशन गहलोत और क्रिशन गोदरा के नाम दौड़ में शामिल बताये जा रहे हैं।
दिल्ली बीजेपी में महरौली जिला से अध्यक्ष पद के लिए सतेंद्र चौधरी, पवन राठी, राजकुमार कसाना और धीरज प्रधान के नाम प्रमुख दावेदारों में बताये जा रहे हैं। इसके साथ दक्षिणी से अध्यक्ष पद के लिए बलवीर सिंह, राम निवास भड़ाना, सुनील सूद, रविंद चौधरी और विजय धवन के नाम दौड़ में शामिल हैं।