दिल्ली भाजपा में दक्षिणी जिला की सफाई

विधूड़ी की बदसलूकी के शिकार चंदन को मिला महामंत्री पद

टीम एटूजैड/नई दिल्ली
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में हुए बूथ सम्मेलन के बाद दिल्ली भाजपा में सफाई अभियान शुरू हो गया है। दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा सांसद रमेश बिधूड़ी के समर्थकां की बदसलूकी का शिकार हुए चंदन कुमार चौधरी को जिला भाजपा का महामंत्री नियुक्त किया गया है। इंदिरा गांधी स्टेडियम में पिछले दिनों हुए बूथ सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल के द्वारा दिल्ली प्रदेश बूथ प्रबंधन संयोजक धर्मवीर सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी के मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की थी। अब दक्षिणी दिल्ली जिला में बिना किसी वरिष्ठ नेता के दबाव के पुराने कार्यकर्ताओं को जिले की जिम्मेदारी सोंपकर दबाव में न आने का स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है।

रमेश बिधूड़ी के साथ हुआ था चंदन का विवाद
पूर्वांचल से भाजपा में प्रतिनिधित्व कर रहे चंदन चौधरी का विवाद पिछले दिनों दक्षिणी दिल्ली सांसद रमेश बिधूड़ी के साथ हुआ था। उस समय चंदन चौधरी के बारे में कहा गया था कि वह भाजपा में किसी भी पद पर नहीं हैं और ना ही पार्टी के नेता हैं। जबकि चंदन ने रमेश बिधूड़ी पर खुद पर हमला करवाने का आरोप लगाया था। पार्टी में इसके लिए जांंच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी। अब पार्टी ने चंदन चौधरी को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सोंपी है। इसके साथ ही दूसरे महामंत्री के रूप में रामवीर बिधूड़ी के बेटे सचिन बिधूड़ी को बनाया गया है।

डेढ़ साल से लटका था जिले का गठन
दक्षिणी दिल्ली जिला भाजपा का गठन पिछले डेढ़ साल से लटका हुआ था। संगठन में बाकी जिलों का गठन पहले ही हो चुका है। लेकिन इस जिला के गठन में कई स्थानीय नेता टांग अड़ा रहे थे। जिला अध्यक्ष रोहताश कुमार ने जिले का गठन करते हुए नई सूची जारी कर दी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि 23 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित बूथ सम्मेलन से पहले ही अब तक जिला महामंत्री रहे दीपक जैन भाजपा कार्यकर्ताओं से चार बसें भरकर वृंदावन यात्रा पर चले गए थे। ताकि कार्यक्रम को असफल किया जा सके। साथ ही अब तक जिला में रहे दूसरे नेता पवन राठी (पालम) ने बूथ सम्मेलन में जाने से रोकने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को नकारात्मक फोन किए थे। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी विरोधी नेताओं की जिले की सफाई करा दी है।