तीन लाख दीयों के साथ अयोध्या में दिवाली

-वाटर शो और विदेशी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
-दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सुक बनीं साक्षी

टीम एटूजैड/ अयोध्या
दिवाली के मौके पर इस बार भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या ने एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। अयोध्या नगरी पूरह से दुलहन की तरह सजी नजर आई। खास बात यह रही कि इसे तीन लाख से ज्यादा दिए जलाकर सजाया गया। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग सुक इस भव्य आयोजन की साक्षी बनीं। शहर का चप्पा-चप्पा दीपकों से जगमगा उठा और इसका दीदार पूरी दुनिया ने किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल राम नाईक और कोरिया गणराज्य की प्रथम महिला के साथ की श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के प्रतीकों की आगवानी की। मुख्यमंत्री ने तीनों का अभिषेक भी किया। इस मौके पर 3 लाख एक हजार 152 दिए जलाकर इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि अब से कई वर्ष पहले अयोध्या की राजकुमारी का कोरिया के राजकुमार के साथ विवाह बंधन बंधा था। इस स्मृति को न केवल कोरिया ने अच्छे से सहेज रखा है बल्कि भारत के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव भी मजबूत करने का प्रयास किया है। दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जंग सूक और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्वीन हाउ मेमोरियल का उद्घाटन भी किया। अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। किम जंग सूक ने कहा कि इस समय दिवाली की अवसर पर उत्साह से भरे लोगों के चेहरे दीपों की तरह चमक रहे हैं।

अयोध्या के नाम से जाना जाएगा फैजाबाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब फैजाबाद को अयोध्या के नाम से जाना जाएगा। यानी अब फैजाबाद की जगह अयोध्या जिला होगा। हरिद्वार की तर्ज पर अयोध्या में सरयू के किनारों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर अयोध्या में एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। यहां भगवान राम के पिता दशरथ के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। सरयू किनारे दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जंग सूक, आरती में हिस्सा लिया।

अयोध्या में होगी भगवान राम की विश्व की सबसे ऊंची मूर्ति
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि अयोध्या में भगवान राम की सबसे ऊंची दर्शनीय मूर्ति स्थापित की जाएगी। इस पर चर्चा की जा रही है। अयोध्या की पहचार भगवान राम से है, यहां दर्शनीय मूर्ति सरयू नदी के किनारे स्थापित की जाएगी। जबकि पूजनीय मूर्ति मंदिर में रहेगी। मूर्ति पर अंतिम चरण का काम चल रहा है। योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दिवाली के दिन हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद वह तय कार्यक्रम के मुताबिक गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।