शिवपाल को झटका, हुए अखिलेश के मुलायम!

-सपा ने मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी से उतारा

टीम एटूजैड/लखनऊ
भतीजे अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल को झटका दिया है। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इसमें पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी पार्टियों ने अपने अपने लोकसभा उम्मीदवारों के चयन की शुरूआत कर दी है। कांग्रेस ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत कई सदस्यों के नाम की घोषणा कर दी है। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को अपने छह प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। जिसमें मुलायम सिंह यादव भी शामिल हैं। हालांकि अभी ​मुलायम सिंह की तरफ से कोई बयान नहीं आया है कि वह समाजादी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
सूत्रों की माने से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के संस्थापक शिवपाल यादव भी मुलायम सिंह को अपनी पार्टी से चुनाव मैदान में उतारना चाहते थे लेकिन सपा ने पहले ही उनके नाम की घोषणा करके उनके लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। ऐसे में मुलायम सिंह यादव के बयान के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा कि वह कहां और कैसे चुनाव लड़ेंगे। हालांकि शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की स्थापना की घोषणा के समय खुद मुलायम सिंह यादव लखनऊ में इस पार्टी के मंच पर शिवपाल यादव के साथ मौजूद रहे थे।

बढ़ी शिवपाल की परेशानी
फिलहाल शिवपाल यादव की नवोदित पार्टी की परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। लोकसभा चुनाव के लिए शिवपाल यादव द्वारा कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। शिवपाल यादव अपनी पार्टी के टिकट पर मुलायम सिंह यादव को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। लेकिन अखिलेश यादव के इस नए दांव के सामने फिलहाल शिवपाल यादव लाचार नजर आ रहे हैं। क्योंकि अब मुलायम सिंह यादव सपा के टिकट पर लड़ने से मना करते हैं तो पार्टी कार्यकर्ताओं में इसका उलटा संदेश भी जा सकता है।

सपा क उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट से मुलायम सिंह यादव, बदायूं से धर्मेन्द्र यादव, फिरोजाबाद से अक्षय यादव, इटावा से कमलेश कठेरिया, राबर्टसगंज से भाईलाल कोल और बहराइच से शब्बीर बाल्मीकि को अपना उम्मीदवार बनाया है।