सीएम केजरीवाल के सामने ‘AAP’ पार्षदों की पेशी… दी ‘एकजुट और पार्टी के प्रति वफादार रहने’ की नसीहत

-शनिवार को सिविल लाइंस के शाह ऑडिटोरियम में पार्षदों से मुखातिब हुए ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल
-दो कांग्रेसी पार्षदों की रातोंरात घर वापसी से हुई आम आदमी पार्टी नेतृत्व की किरकिरी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 10 दिसंबर, 2022।
इंद्रप्रस्थ के सियासी मैदान में मचे भारी घमासान के बीच आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहली बार पार्टी के नवनिर्वाचित निगम पार्षदों की बैठक ली। वह दिल्ली के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित शाह ऑडिटोरियम में अपने पार्षदों के साथ मुखातिब हुए। उन्होंने इस मौके पर अपने पार्षदों को कुछ नसीहतें भी दीं।
अरविंद केजरीवाल ने अपने निगम पार्षदों को कहा कि बीजेपी सहित कुछ लोग उन्हें कुछ लालच दे सकते हैं। लेकिन वह किसी के बहकावे में नहीं आयें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है। आने वाला समय पार्टी के लिए और भी अच्छा होने वाला है। अतः यदि दूसरी पार्टी का कोई नेता उनसे किसी भी विषय में संपर्क साधने की कोशिश करता है तो वह उसकी रिकॉर्डिंग जरूर कर लें।
गौरतलब है कि चुनावी नतीजों के बाद बीजेपी की ओर से अपना मेयर बनाने की बात कहे जाने के समय से ही आम आदमी पार्टी नेतृत्व अपने पार्षदों को लेकर गंभीर है। गुरूवार को आप नेताओं ने अपने सभी पार्षदों को पंजाब के मोहाली जाने का आदेश दिया था। लेकिन ‘हॉर्स ट्रेडिंग की आशंकाएं खत्म होने के बाद उन्हें आधे रास्ते से ही वापस बुला लिया गया था। इसके पश्चात शनिवार को मुख्यमंत्री केजरीवाल के सामने सभी पार्षदों की पेशी हुई है।
चार वार्ड समितियों में नहीं मिला बहुमत
बता दें कि दिल्ली नगर निगम के चुनाव के नतीजे आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि आम आदमी पार्टी निगम के सदन (हाउस) में तो बहुमत में आ गई है। लेकिन चार वार्ड समितियों (जोन) में अब भी अल्पमत में है। सीधे तौर पर कहा जा सकता है कि केशव पुरम जोन, नजफगढ़ जोन, शाहदरा नॉर्थ जोन और शाहदरा साउथ जोन में बीजेपी बहुमत में है।
‘आप’ को बड़ा झटकाः रातोंरात कांग्रेस में वापस लौटे आप में शिमल दो पार्षद
आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं दोनों महिला पार्षद वापस कांग्रेस में लौट गईं। शाहदरा नॉर्थ जोन में आने वाले इन दोनों निगम पार्षदों के कांग्रेस में वापस लौट जाने से आप की बहुत ज्यादा किरकिरी हुई है। बता दें कि शाहदरा नॉर्थ जोन में कुल 35 वार्ड हैं। इनमें से 18 वार्ड बीजेपी ने जीते हैं। आप पार्षदों की संख्या 12 है। जबकि 5 निगम पार्षद कांग्रेस के पास हैं।