सांसदों के मुकाबले अच्छा रहा BJP विधायकों का रिपोर्ट कार्ड

-सबसे अच्छा रहा विधायक मोहन सिंह बिष्ट का प्रदर्शन
-100 % रिजल्ट के साथ खरे उतरे विधायक विजेंद्र गुप्ता
-सबसे फिसड्डी रहे विधानसभा में विपक्ष के नेता रामबीर बिधूड़ी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली: 10 दिसम्बर, 2022।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भले ही 15 वर्षो से चली आ रही सत्ता से बाहर हो गई है। लेकिन पार्टी के सांसदों के मुकाबले विधायकों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। यह बात अलग है कि दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामबीर सिंह बिधूड़ी का प्रदर्शन विधायकों में सबसे ज्यादा खराब रहा है।

रोहिणी से बीजेपी विधायक विजेन्द्र गुप्ता ने अपना 100 फीसदी का रिजल्ट दिया है। उन्होंने अपनी विधानसभा में आने वाली तीनों सीट जीती हैं। इसके पश्चात दूसरे स्थान पर  करवाल नगर से विधायक मोहन सिंह बिष्ट रहे हैं। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की 5 में से 4 सीटों पर जीत दिलाई है। पांचवी सीट मुस्लिम बहुल होने की वजह से बीजेपी नहीं जीत सकी।
मोहन सिंह बिष्ट की तरह अभय वर्मा और जितेंद्र महाजन का नाम आता है। दोनों विधायकों ने अपने अपने क्षेत्र की केवल एक-एक सीट गंवाई हैं। अभय वर्मा व जितेंद्र महाजन ने 4 में 3 सीटों पर बीजेपी को जीत दिलाई है।
इसके पश्चात विधायक ओपी शर्मा एवं अजय महावर का नंबर आता है। ओपी शर्मा के विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी 4 में से 2 और अजय महावर के विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी 4 में से 2 सीटें ही जीत पाई है। सबसे नीचे पार्टी के आठवें विधायक रामबीर बिधूड़ी का नाम आता है। उनके विधानसभा क्षेत्र में पार्टी 5 में से एक ही सीट जीत पाई है और 4 सीट हार गई।
सबसे खराब रहा सांसद मीनाक्षी लेखी का रिजल्ट
सांसदों सबसे ज्यादा खराब रिजल्ट देने वाले सांसदों केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी का नाम लिया जा रहा है। पार्टी में इस बात को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है कि सांसद डॉ हर्ष वर्धन के लोकसभा क्षेत्र केशव पुरम जिला में एक भी बीजेपी विधायक नहीं होने के बावजूद बीजेपी ने इस जिले में 15 में से 11 सीट जीती हैं। जबकि बीजेपी को मीनाक्षी लेखी के संसदीय क्षेत्र से सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रदेश पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक में चर्चा
शनिवार को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पार्टी नेताओं के प्रदर्शन को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और  पार्टी के प्रदेश व जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।