AAP पार्षद अरूण नवरिया का चुनाव रद्द, कोर्ट ने BJP के नरेश को घोषित किया पार्षद

-दिल्ली बीजेपी ने किया कोर्ट के निर्णय का स्वागत

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 19 नवंबर।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दक्षिण जिला संजीव कुमार अग्रवाल की अदालतने 18 नवंबर 2026 की देर शाम एक आदेश में आम आदमी पार्टी के पार्षद अरुण नवरिया के चुनाव को रद्द कर दिया। साथ ही वार्ड 166 पुष्प विहार से रनर-अप प्रत्याशी रहे नरेश (भाजपा) को पार्षद घोषित किया है। आप पार्षद को अपदस्थ करने का मुख्य आधार नामांकन पत्र भरते समय जानकारी छिपाना और मतदाताओं को अपने खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों के बारे में न बताना है।
दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कोर्ट के इस निर्णय का स्वागत किया है। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि न्यायालय ने वार्ड 166 पुष्प विहार से श्री नरेश (भाजपा) को तत्काल प्रभाव से पार्षद घोषित करना बिल्कुल उचित किया है।
कोर्ट ने अपना फैसला इस आधार पर सुनाया है, क्योंकि आप उम्मीदवार अरूण ने अपने शपथ पत्र में 2022 के निकाय चुनावों से पहले एक आपराधिक मामले में अपनी दोषसिद्धि (सजा) के बारे में जानकारी नहीं दी थी। पुष्प विहार वार्ड के चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर ने अदालत को बताया कि भाजपा उम्मीदवार को 10,114 वोट मिले थे जबकि आप उम्मीदवार को 13,721 वोट मिले थे। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता ने अधिवक्ता श्री स्वास्तिक सिंह एवं श्री अतुल सिंह के प्रयासों की सराहना की है, जिन्होंने वार्ड 166 पुष्प विहार की जनता को न्याय दिलाने के लिए सर्वोत्तम प्रयास किए।
न्यायालय द्वारा 2022 निगम चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे नरेश सांकला को वार्ड 166 पुष्प विहार से पार्षद घोषित किए जाने के बाद गुरूवार को दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने नरेश को पुष्प गुच्छ भेंट करके और पगड़ी पहना कर उनका अभिनंदन किया। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा की 4 वर्ष के संघर्ष के बाद अरविंद केजरीवाल का एक और अराजक साथी पार्षद हारा है। इस अवसर पर महरौली जिलाध्यक्ष रविन्द्र सोलंकी एवं प्रभारी मनीष सिंह भी उपस्थित रहे।