आर्यवीर का करिश्माई प्रदर्शन देखना चाहते हैं सहवाग, बोले: ‘बड़े रिकॉर्ड तोड़ेगा तो होगी असली खुशी’

-आर्यवीर के कोच राजू शर्मा के साथ खास बातचीत

विजय कुमार/ नई दिल्ली: 17 नवम्बर!
पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग अपने बेटे आर्यवीर के अंडर-19 एशिया कप में प्रदर्शन से संतुष्ट जरूर हैं, लेकिन उनकी असली खुशी उस दिन होगी, जब बेटा अपने दम पर टेस्ट क्रिकेट और आईपीएल में जगह बनाने के साथ ही कोई करिश्माई प्रदर्शन करेगा। सहवाग का मानना है कि जिस दिन आर्यवीर बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर देगा, उस दिन उन्हें यकीन हो जाएगा कि बेटा सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और भविष्य में बड़े से बड़े रिकॉर्ड तोड़ने की क्षमता रखता है।
अंडर-19 एशिया कप में आर्यवीर के प्रदर्शन से प्रभावित सहवाग को उम्मीद है कि टेस्ट और आईपीएल में मौका मिलने के बाद भी उनका बेटा इसी तरह तूफानी बल्लेबाजी करेगा। अगर ऐसा हुआ तो सहवाग के मन की मुराद पूरी हो जाएगी। बेटे की इस उपलब्धि पर वह उससे इतने खुश होंगे कि आर्यवीर जो भी मांगेगा, उसे देने से पीछे नहीं हटेंगे। यहां तक कि फरारी की मांग भी पूरी हो सकती है। वीरेन्द्र सहवाग के साथ क्रिकेट खेल चुके और वर्तमान में कोच के रूप में अपनी पहचान रखने वाले राजू शर्मा बचपन से ही आर्यवीर को क्रिकेट के गुर सिखा रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ सीजन से आर्यवीर अपने पिता की तरह ही धुआंधार पारियां खेलकर जूनियर क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना चुका है। सहवाग भी चाहते हैं कि उनका बेटा अपनी अलग पहचान बनाए और अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में नाम कमाए।
कोच राजू शर्मा ने बताया कि अंडर-19 एशिया कप का फाइनल उन्होंने अपने दोस्त वीरेन्द्र सहवाग के साथ बैठकर देखा था। आर्यवीर की बल्लेबाजी देखकर दोनों खुश थे, लेकिन 58 रनों की पारी को शतक में तब्दील नहीं कर पाने का मलाल भी था। उनका कहना था कि यदि आर्यवीर अंत तक क्रीज पर टिके रहते तो फाइनल मुकाबला पहले ही समाप्त कर सकते थे, ठीक उसी तरह जैसे उनके पिता अक्सर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच खत्म किया करते थे।
राजू शर्मा के मुताबिक, सहवाग भी मानते हैं कि आर्यवीर को अभी लंबा सफर तय करना है। उन्हें बेटे से उम्मीद है कि वह बड़ी और लंबी पारियां खेलेगा, चौकों-छक्कों की बरसात करेगा और अनुभवी गेंदबाजों के सामने भी बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए अपनी क्षमता साबित करेगा। वह चाहते हैं कि आर्यवीर की बल्लेबाजी में उनके पिता की झलक जरूर हो, लेकिन उसकी अपनी एक अलग पहचान भी बने। राजू शर्मा ने आर्यवीर की बल्लेबाजी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि पिछले सीजन में उसने 290 रनों की शानदार पारी खेली थी। उस समय उसके पिता ने कहा था कि यदि वह उनके 319 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ देगा तो उसे फरारी गाड़ी इनाम में देंगे। हालांकि, आर्यवीर 290 रन बनाकर ही आउट हो गया।
एक और किस्सा सुनाते हुए राजू शर्मा ने बताया कि जूनियर क्रिकेट में तमिलनाडु के खिलाफ एक मुकाबले में आर्यवीर शतक के करीब था। उस समय वीरेन्द्र सहवाग ने बेटे से कहा था कि यदि वह शतक तक पहुंचने के दौरान 24 चौके लगाएगा तो उसे  एक करोड़ रूपया देंगे जिसकी गारंटी खुद कोच राजू ने भी ली थी।  हालांकि, आर्यवीर अपने शतक में 21 चौके ही लगा पाया और मौका छूट गया। राजू ने जब पूछा कि इन पैसों का क्या करोगे तो उन्होंने कहा 5-5 लाख तो मैं ड्राइवर और कोच को दूंगा 50% आपको।
जम्मू-कश्मीर के प्रथम श्रेणी क्रिकेटर रहे राजू शर्मा ने आर्यवीर के भविष्य को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि उन्होंने वीरेन्द्र सहवाग को मैदान पर खेलते हुए देखा है और अब उनके बेटे को भी क्रिकेट खेलते और अपनी प्रतिभा निखारते देख रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाला समय आर्यवीर का हो सकता है। जरूरत बस थोड़े इंतजार की है। अब देखना यह होगा कि आर्यवीर को टेस्ट क्रिकेट और आईपीएल में कब मौका मिलता है और वह अपने प्रदर्शन से किस तरह अपनी पहचान स्थापित करता है।

खेल पत्रकार विजय कुमार के साथ वीरेंदर साहवाग के बेटे और नवोदित क्रिकेटर आर्यावीर की पुरानी तस्वीर