MCD सदन में तोड़फोडः AAP ने की CM रेखा गुप्ता पर कार्रवाई की शुरूआत की मांग

-दिल्ली की मौजूदा सीएम और तत्कालीन पार्षद रेखा गुप्ता ने सदन में तोड़े थे दो माइकः अंकुश नारंग
-कोड ऑफ कंडक्ट कमेटी की बैठक ही नहीं हुई, तो मेयर के पास कार्रवाई की रिपोर्ट कहां से आई?: अंकुश नारंग

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 12 नवंबर 2026।
दिल्ली नगर निगम के सदन के अंदर तोड़फोड़ करने वाले पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही एमसीडी का आम आदमी पार्टी ने स्वागत किया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि मेयर प्रवेश वाही के फैसले का हम स्वागत करते हैं, लेकिन एफआईआर और नुकसान की भरपाई की वसूली की शुरूआत दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री और तत्कालीन निगम पार्षद रेखा गुप्ता से होनी चाहिए। रेखा गुप्ता ने सदन में दो-दो माइक तोड़े थे और उसका वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है। इसी तरह तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह ने भी कई माइक तोड़े थे, उन पर कारर्वाई की जानी चाहिए। इसके बाद एमसीडी हमारे पर कार्रवाई करे। अगर हमने नुकसान किया है तो भरपाई के लिए तैयार हैं, लेकिन कार्रवाई इस कार्यकाल की शुरूआत से होनी चाहिए।
गुरुवार को प्रेसवार्ता कर एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि 22 अक्टूबर को संपन्न एमसीडी सदन के अंदर तोड़-फोड़ को लेकर मेयर प्रवेश वाही, कमिश्नर, म्युनिसिपल सेक्रेटरी कार्रवाई करने जा रहे हैं। उनका कहना है कि कोड ऑफ कंडक्ट कमेटी की मीटिंग में सदन में तोड़फोड़ की रिपोर्ट आईं है। एमसीडी सदन में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एफआईआर दर्ज करवाएंगे और तोड़-फोड़ से हुए नुकसान की भरपाई भी करवाएंगे।
अंकुश नारंग ने सवाल किया कि कोड ऑफ कंडक्ट कमेटी की मीटिंग 22 अक्टूबर से लेकर आज तक नहीं हुई है। फिर मेयर ने यह न्यूज कैसे छपवा दी? अगर मेयर के पास चेयरमैन ने लेटर भेजा, तो उन्होंने उस लेटर कैसे फॉरवर्ड कर दिया? अगर चेयरमैन कहे कि नेता प्रतिपक्ष को फांसी पर लटका दो तो क्या मेयर नेता प्रतिपक्ष को फांसी पर लटकाने के लिए लेटर आगे भेज देंगे। मुझे लगता था कि मेयर प्रवेश वाही पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, लेकिन वह अनपढ़ व्यक्ति हैं। उनको ये नहीं पता कि कौन सी चिट्ठी कहां फॉरवर्ड करनी चाहिए और क्या करना चाहिए।
अंकुश नारंग ने कहा कि अगर एमसीडी तोड़फोड़ करने वालों पर कार्रवाई करने जा रही है तो उसका हम स्वागत करते हैं। लेकिन एमसीडी को पहले सदन से एक्शन लेना चाहिए। पहला सदन जनवरी 2023 में हुआ था। 2023 में सदन के अंदर मौजूदा दिल्ली की मुख्यमंत्री और तत्कालीन पार्षद रेखा गुप्ता का दो-दो माइक तोड़ते हुए का वीडियो है। रेखा गुप्ता के अलावा तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह थे, तब सदन में कई बार माइक तोड़े गए। हमारे पास एक अन्य वीडियो है, जिसमें भाजपा के लोग सदन के अंदर स्पीकर ले जा नाचते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा ने लोकतंत्र के मंदिर का मजाक बना दिया है।
अंकुश नारंग ने कहा कि आज एमसीडी बीजेपी की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन चुकी है। बीजेपी जैसा करना चाहती है, एमसीडी वैसा एक्शन करती है। इनके पास ना कोई तर्क है और ना कोई बात है। मेयर प्रवेश वाही को हमारे सवालों के जवाब देने चाहिए। हमारी मांग है कि तोड़फोड़ करने वालों पर एक्शन लें, लेकिन पहले रेखा गुप्ता पर एफआईआर दर्ज कराएं और पैसे वसूलें। फिर राजा इकबाल सिंह पर एफआईआर दर्ज कराएं और पैसे वसूलें। इसके बाद मेरे पास आएं और एफआईआर दर्ज कराकर पैसे मुझसे लें।
भाजपा ने दिल्ली को बनाया विश्व का सबसे प्रदूषित शहरः अंकुश नारंग
दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण के स्तर को लेकर अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली के अंदर एक्यूआई का स्तर लगातार 500 के पार है। दीपावली के दिन पटेल नगर में एक्यूआई 1870 था। लिख कर आ रहा था कि दिल्ली विश्व की सबसे प्रदूषित शहर है। भाजपा ने दिल्ली को विश्व का सबसे प्रदूषित शहर बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। हमें उम्मीद है कि आगामी 15 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए सीएम रेखा गुप्ता को सम्मानित करेंगे। लेकिन डर की बात ये है कि आज दिल्ली के लोग जहरीली हवा की वजह से अनचाहे में औसतन 26 सिगरेट पी रहे हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि प्रदूषण के चलते दिल्ली में कार्डियक, रेस्पिरेटरी, अस्थमा अटैक्स, कफ और स्नीजिंग हो रही है। इसके लिए सिर्फ भाजपा की सरकार जिम्मेदार है। भाजपा दिल्ली से प्रदूषण खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन प्रदूषण खत्म करन तो दूर की बात है, दिल्ली के अंदर दिन-प्रतिदिन प्रदूषण का स्तर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है।
भाजपा फोटोबाजी के बजाय जमीन पर उतर कर यमुना को साफ करेः अंकुश नारंग
यमुना की सफाई को लेकर अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार ने अभी तक यमुना को साफ करने की बात ही नहीं छेड़ी है। जिस इलाके में यमुना पहले से साफ थी यानी सोनिया विहार में क्रूज चलाने की बात हो रही है। जबकि मनोज तिवारी जी ने अरविंद केजरीवाल की सरकार के दौरान भी दिखाया था कि सोनिया विहार इलाके में यमुना साफ है। भाजपा लोगों को मुद्दों से डाइवर्ट करती है। अगर भाजपा से यमुना की सफाई की बात करेंगे तो वह क्रूज की बात करेगी। अगर प्रदूषण की बात करेंगे तो वह नई रिवर की करेगी। भाजपा को फोटो ऑप्स करने की बजाय जमीन पर उतर कर दिल्ली की जनता की अपेक्षाओं पर काम करना चाहिए।