महापौर प्रवेश वाही ने मल्कागंज वार्ड का किया निरीक्षण, लिया सफाई व्यवस्था का जायजा

-मलकागंज वार्ड में 2 किलोमीटर चलकर लिया सफाई व्यवस्था का जायजा, अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के दिये आदेश

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 10 नवंबर।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को उत्तरी क्षेत्र में स्थित मल्कागंज वार्ड की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रवेश वाही ने कहा कि हम दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अलग अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने लगभग 2 किलोमीटर चलकर मल्कागंज वार्ड की मुख्य सड़क पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तिमारपुर के विधायक सूर्य प्रकाश खत्री,स्थानीय पार्षद रेखा, उत्तरी क्षेत्र के आयुक्त सचिन गुप्ता सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रवेश वाही ने मल्कागंज चैक पर स्थित पार्क से स्वयं मलबा हटाया एवं मुख्य मार्ग की जेटिंग मशीन से सफाई की। उन्होंने मल्कागंज मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति पर नाराजगी जताई और इसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमण करने वालों के चालान करने के आदेश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महापौर ने एक स्वच्छता कर्मी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया एवं उसका नाम पुरस्कार के लिए भेजने के निर्देश दिए।
महापौर ने बालकराम अस्पताल का किया निरीक्षण
महापौर ने तिमारपुर में स्थित बालकराम अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन एवं सीरम की प्रचुर उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया और लैब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ पूनम सरीन भी उपस्थित रहे।
महापौर ने अस्पताल में आए रोगियों से बातचीत कर डाक्टरों एवं दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। रोगियों ने इस पर संतोष व्यक्त किया और मुख्य सड़क से अस्पताल की अप्रोच रोड बनाने के कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निगम अपने अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।