एलावेनिल ने जीता व्यक्तिगत रजत, भारतीय निशानेबाजों ने दिलाए दो पदक।

-भारतीय निशानेबाजों की शारदार शुरूआत

एसएस ब्यूरो/आइची-नागोया-नई दिल्ली, 20 सितंबर।
भारतीय निशानेबाजों ने 20वें एशियाई खेलों में शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में दो रजत पदक जीत लिए। ओलंपियन एलावेनिल वालारिवन ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया, जबकि एलावेनिल, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्सा कोचालुमकल विनोद की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में भी रजत पदक अपने नाम किया।
व्यक्तिगत फाइनल में एलावेनिल ने 252.4 अंक बनाए और स्वर्ण पदक के लिए आखिरी शॉट तक मुकाबला किया। वह जापान की हिनाता ताइची से महज 0.6 अंक पीछे रहीं। हिनाता ने 253.0 अंक के साथ नया एशियाई खेल रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण जीता। दक्षिण कोरिया की ओलंपिक चैंपियन बान ह्यो-जिन ने 230.4 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। सोनम छठे स्थान पर रहीं।
टीम स्पर्धा में भारत ने 1898.0 अंक के साथ रजत पदक जीता। सोनम ने 634.1, एलावेनिल ने 633.5 और विदर्सा ने 630.4 अंक बनाए। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण, जबकि मेजबान जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
निशानेबाजी में सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं के पदकों के लिए मुकाबला होगा। पुरुष और महिला स्कीट की क्वालीफिकेशन स्पर्धाएं भी शुरू होंगी।