MCD: अध्यापकों के मनमाने स्थानांतरण के विरोध में महापौर दफ्तर के बाहर धरना

-मेयर प्रवेश वाही ने अतिरिक्त आयुक्त को दिये शिक्षकों के निवास के 15 किमी का दायरा तय करने के आदेश

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 02 जुलाई।
गुरूवार को दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय ‘शिविक सेंटर’ पर बेहद गहमा-गहमी का माहौल रहा। एमसीडी विद्यालयों में पढ़ाने वाले स्थायी एवं अनुबंध के शिक्षकों ने मेयर कार्यालय के बाहर धरना दिया। मेयर ने धरना पर बैठे शिक्षकों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं और अतिरिक्त आयुक्त को आदेश दिये कि किसी भी अध्यापक के लिए उसके निवास के 15 किलोमीटर के दायरे में ही विद्यालय में नियुक्त किया जाये।
गौरतलब है कि एक जुलाई को एमसीडी की ओर से अचानक करीब एक हजार अनुबंधित अध्यापकों का स्थानांतरण मनमाने ढंग से कर दिया गया था। स्थानांतरण में अध्यापकों को उनके घरों से 20 से 30 किलोमीटर की दूरी के विद्यालय आवंटित किये गये हैं। एक बड़ी खामी यह भी रही कि कुछ अध्यापकों को उनके पुराने विद्यालय में ही पुनः भेज दिया गया, जबकि वहां एलोकेशन भी नहीं है। इन्ही सब समस्याओं को लेकर गुरूवार को सैकड़ों की संख्या में अनुबंधित अध्यापकों ने महापौर कार्यालय सिविक सेंटर पर अपना विरोध और धरना प्रदर्शन किया।