केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से ने लिया फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों का जायजा

-19 जून से भारत मंडपम किया जा रहा आयोजन, उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया होंगे शामिल

विजय कुमार/ नई दिल्लीः 18 जून।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से ने गुरूवार को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित एशियाई सीनियर फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों का जायजा लिया। यह महाद्वीपीय प्रतियोगिता 19 से 24 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ 19 जून 2026 को शाम 6 बजे भारत मंडपम (प्रगति मैदान), नई दिल्ली के हॉल संख्या 2-3 में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। “वन ड्रीम: वन ब्लेड: वन प्राइड” थीम पर आधारित यह समारोह फेंसिंग की भावना, खेल उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय एकता का उत्सव होगा।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी मौजूद रहेंगी, जिनमें फेडरेशन इंटरनेशनल डी’एस्क्राइम के कार्यवाहक अध्यक्ष श् अब्देलमोनीम एल हुसैनी, एशियाई फेंसिंग परिसंघ के अध्यक्ष महामहिम इंजीनियर शेख सलेम बिन सुल्तान अल कासिमी तथा पैन अमेरिकन फेंसिंग परिसंघ के अध्यक्ष विताली लॉगविन ग्रेचुखिन शामिल हैं।
अपने दौरे के दौरान श्रीमती खड़से के साथ फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सतेज पाटिल और महासचिव राजीव मेहता भी मौजूद रहे।
एशियाई सीनियर फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इस आयोजन में 36 देशों की भागीदारी होगी तथा कुल 787 मान्यताएँ (अक्रेडिटेशन) जारी की गई हैं, जिनमें 406 खिलाड़ी, 75 कोच, 9 प्रबंधक, 13 सहयोगी स्टाफ, 40 प्रतिनिधि, 28 स्वयंसेवक और स्थानीय आयोजन समिति के 151 सदस्य शामिल हैं।