देवली में पानी की किल्लतः जल बोर्ड दफ्तर पर प्रदर्शन कर रहे विधायक प्रेम चौहान को पुलिस ने डिटेन किया

-ग्रेटर कैलाश स्थित जल बोर्ड के कार्यालय पर किया प्रदर्शन

एसएस ब्यूरो/ ​नई दिल्ली।
देवली विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में पिछले लंबे समय से चल रही पानी की भीषण किल्लत को लेकर मंगलवार को जनता का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र के लोगों को पानी दिलाने की मांग को लेकर देवली के विधायक प्रेम चौहान के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने ग्रेटर कैलाश स्थित दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने विधायक प्रेम चैहान को हिरासत (डिटेन) में ले लिया।
देवली विधानसभा के दक्षिणपुरी वार्ड, नई बस्ती, संगम विहार, दक्षिणपुरी एक्सटेंशन, तिगड़ी जेजे कैंप और देवली गांव के सैकड़ों पीड़ित निवासी ग्रेटर कैलाश जल बोर्ड दफ्तर के बाहर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में खाली घड़े, मटके और बैनर-पोस्टर थे। स्थानीय निवासियों ने कहा कि इस भीषण गर्मी में उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है, जिससे उनका जीना मुहाल हो गया है।
​विधायक प्रेम चौहान ने कहा कि मेरे क्षेत्र की जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान है। दक्षिणपुरी, तिगड़ी, संगम विहार और देवली गांव जैसे इलाकों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। जब तक जल बोर्ड के अधिकारी इन इलाकों में पानी की सुचारू सप्लाई का ठोस आश्वासन नहीं देते, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। पुलिसिया कार्रवाई या हिरासत में लिए जाने से हम पीछे हटने वाले नहीं हैं, जनता को उनका हक मिलकर रहेगा।
​प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने विधायक प्रेम चौहान को हिरासत में ले लिया। विधायक की हिरासत के बाद भी स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखा गया। ​स्थानीय निवासियों और आप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द देवली विधानसभा के इन प्रभावित इलाकों में पानी का संकट दूर नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।