वैशालीः जिलाधिकारी ने की बाढ़ एवं सूखा पूर्व तैयारियों की समीक्षा, 8 वीं तक के विद्यालयों के समय में बदलाव, नाला सफाई में तेजी लाने के आदेश

-बैठक में शामिल हुए सभी विभागों के उच्च अधिकारी

राजेन्द्र कुमार/हाजीपुर, वैशाली
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बुधवार को आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़ एवं सूखा पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सभी अनुमंडल अधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक अधिकारियों सहित जल संसाधन, कृषि, पशुपालन, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, विद्युत, अग्निशमन, मत्स्य, आईसीडी,स, होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभागों को संभावित बाढ़ एवं सूखे की स्थिति से निपटने के लि, पूर्णतः तैयार रहना होगा।
विद्यालयों के समय में परिवर्तन
वैशाली जिला अन्तर्गत लगातार बढ़ रहे तापमान, भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह वैशाली जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में वर्ग-8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्री-स्कूल एवं आँगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन पर पूर्वान्ह 11ः30 बजे के बाद प्रतिबंध लगाया गया है। अब प्री-स्कूल एवं आँगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन प्रातः 07ः00 बजे से पूर्वान्ह 11ः00 बजे तक किया जाएगा एवं वर्ग 1 से वर्ग 8 तक का संचालन पूर्वान्ह 11ः30 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश 20 मई से 23 मई तक प्रभावी रहेगा।
स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तैयारियां पूरी
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा सिंह के दिशानिर्देशन में जिले के सभी नगर निकायों में स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार पटना के निर्देशानुसार वैशाली जिले के नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज, महुआ, महनार तथा नगर पंचायत जंदाहा, गोरौल एवं पातेपुर में 29 एवं 30 मई 2026 को स्थायी समिति के रिक्त पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर परिषद हाजीपुर में 5 सदस्यों के लिए 29 मई को समाहरणालय स्थित पुष्पकरणी सभागार में निर्वाचन होगा। नगर परिषद लालगंज, महुआ, महनार एवं नगर पंचायत जंदाहा में 3-3 सदस्यों के लिए 29 मई को चुनाव कराया जाएगा। नगर पंचायत गोरौल एवं पातेपुर में 30 मई को निर्वाचन संपन्न होगा।
बरसात से पहले नालों की सफाई में तेजी लाने के आदेश
वैशाली जिले में जलजमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने आदेश जारी किये हैं कि सभी नगर निकायों में नालों की व्यापक सफाई के साथ-साथ निकाली गई गाद एवं मिट्टी के त्वरित उठाव का विशेष अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाये।
इस विशेष अभियान के तहत नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज, महनार, महुआ एवं पातेपुर सहित सभी नगर निकायों में नालों की गहन सफाई कराई जा रही है। साथ ही, निकाली गई मिट्टी एवं कचरे को तत्काल हटाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कहीं भी अवरोध उत्पन्न न हो और जल निकासी सुचारु बनी रहे।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही जलजमाव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।