‘टिकटों की कालाबाजारी में नाम आने वालों को तत्काल प्रभाव से पद मुक्त करे DDCA’

-IPL और BCCI अधिकारी क्रिकेट प्रेमियों का भरोसा कायम रखें, डीडीसीए को दें गंभीर चेतावनीः गोयल

विजय कुमार/ नई दिल्ली,19 मई।
डीडीसीए के एक सदस्य ने इंडियन प्रीमियर लीग आईपीए के चेयरमैन राजीव शुक्ला और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बीसीसीआई अध्यक्ष को पत्र लिखकर, टिकट ब्लैक करने वाले डीडीसीए के कर्मचारियों पर तत्काल प्रभाव से पद से हटाए जाने की मांग की है।
मालूम हो कि मई माह में अरूण जेटली क्रिकेट स्टेडियम पर कम्प्लीमेंट्री पास और टिकटों की ब्लैक करने को लेकर दिल्ली पुलिस की क्रांइम ब्रंच ने डीडीसीए से जूडे लोगों पकड़ा था। जिसमें हजारों कम्प्लीमेंट्री पास और ब्लैक टिकटों के धंधे का खुलासा हुआ था। यह जांच भी डीडीसीए के ही एक सदस्य की शिकायत पर की गई थी। जिसके बाद यह टिकटों का घोटाला सामने आया है। जिसको लेकर अभी भी जांच चल रही है।
इसी के तहत डीडीसीए के सदस्य राजन गोयल ने आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला और क्रिकेट बोर्ड अध्यक्ष को पत्र लिखकर मांग की है कि जिन लोगों के नाम जांच में सामने आए है, उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाया जाए। उन्होंने लिखा है कि, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) का एक गौरवान्वित आजीवन सदस्य होने के नाते, अत्यंत पीड़ा और गहरी चिंता के साथ आपको यह पत्र लिख रहा हूँ। हाल ही में सामने आए घटनाक्रम ने उस खेल की गरिमा और विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है, जिसे हम सभी अत्यंत सम्मान और प्रेम करते हैं। उन्होंने लिखा कि क्राइम ब्रांच ने हाल ही में आईपीएल टिकटों तथा विशेष कॉम्प्लीमेंट्री पासों की कालाबाजारी से जुड़े एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। यह अवैध गतिविधि डीडीसीए के अधिकार क्षेत्र में संचालित हो रही है, जो बीसीसीआई से संबद्ध एक प्रतिष्ठित संस्था है और जिसका नेतृत्व कभी स्वर्गीय अरुण जेटली जी जैसे महान, पारदर्शी एवं सम्मानित व्यक्तित्व ने अत्यंत गरिमा के साथ किया था।
आईपीएल के अध्यक्ष होने के नाते टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा, निष्पक्षता और पारदर्शिता की अंतिम जिम्मेदारी आपके कंधों पर है। यह तथ्य कि संबद्ध संस्था से जुड़े कुछ लोग प्रशासन की निगरानी में रहते हुए कथित रूप से ऐसे भ्रष्ट आचरण में संलिप्त पाए जा रहे हैं, अत्यंत शर्मनाक है और इस पर तत्काल तथा कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने अनुरोध किया है कि आईपीएल चेयरमैन व बोर्ड की तरफ से डीडीसीए प्रबंधन को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश जारी करें कि इस जांच में जिन व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, जो आरोपित हैं अथवा जिन्हें गिरफ्तार किया गया है, उन्हें अंतिम जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित
एवं पदमुक्त किया जाए। वहीं आपके यह निर्देश जनता का विश्वास बहाल करना,करोडो क्रिकेट प्रेमियों को एक मजबूत संदेश देगा, जो अक्सर ऐसी कालाबाजारी के कारण वास्तविक टिकटों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आईपीएल और बोर्ड के उच्चाधिकारी इस मामले पर उचित कार्यवाही करेंगे।