-गोकुलधाम सोसायटी में किया गया आयोजन
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली 19 मई।
रोहिणी सेक्टर 22 स्थित पॉकेट 14 की गोकुलधाम सोसायटी के तत्वाधान में भव्य श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन श्री किशोरी कृपा चेरिटेबल ट्रस्ट श्री धाम वृंदावन द्वारा किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरी सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में हर्षोल्लास और भक्ति का माहौल है। कथा के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ के अवसर पर गोकुलधाम सोसायटी से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पीले और लाल वस्त्रों में सजीं महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर ढोल नगाड़ों ओर भजनों पर झूमती नजर आईं। पूरे पंडाल को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के जयकारों से पूरा रोहिणी सेक्टर 22 गुंजायमान हो उठा।
गोकुल धाम सोसायटी के प्रधान रमेश मलिक ने बताया कि कथा वाचक आचार्य निशांत मिश्रा जी के मुखारबिंद से प्रभु लीला का गुणगान किया जाएगा साथ ही संगीता राठौर जी के द्वारा प्रभु के भजनों से भक्तों को आनंदित करेगी।
सात दिवसीय कथा का भव्य आयोजन 18 मई से 24 मई तक सायं 3 से 7 बजे तक चलेगा जिसमें भक्त भक्ति रस का आनंद लेंगे संगीता राठौर जी द्वारा प्रभु भजन ओर गायन किया जाएगा, सात दिवसीय कथा में सुप्रसिद्ध कथा व्यास निशांत मिश्रा जी द्वारा श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों जैसेकृध्रुव चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, कृष्ण जन्म, माखन चोरी, गोवर्धन लीला और सुदामा चरित्र का संगीतमय वर्णन किया जाएगा। साथ ही प्रभु भजन वंदना के साथ संगीता राठौर कथा में चार चांद लगाएगी।
गोकुलधाम सोसायटी के उपप्रधान राम सागर यादव ने बताया कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पीने के पानी और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। समिति ने रोहिणी और आसपास के सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अलौकिक कथा रसपान का आनंद लें और पुण्य के भागी बनें। कथा के अंतिम दिन हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ इस भव्य धार्मिक महोत्सव का समापन होगा।


