दिल्ली BJP: 20 मई तक हो सकता है नेतृत्व परिवर्तन!

-4 राज्यों के लिए होनी है प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा
-राष्ट्रीय स्तर पर भी होनी हैं संगठनात्मक नियुक्तियां

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 14 मई, 2026।
भारतीय जनता पार्टी के लिए अगले कुछ दिन बदलाव भरे रह सकते हैं। दिल्ली सहित चार राज्यों के पार्टी नेतृत्व में परिवर्तन भी देखने को मिल सकता है। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व के द्वारा 20 मई तक राज्यों से लेकर राष्ट्रीय स्तर की नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है।
बताया जा रहा है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव और सरकारों के गठन के बाद पार्टी नेतृत्व अब थोड़ी फुरसत में है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक और त्रिपुरा के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की जा सकती है। दरअसल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों की घोषणा की जानी है। इसी के साथ पार्टी नेतृत्व के द्वारा चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी की जा सकती है।
सचदेवा का क्या होगा?
दिल्ली बीजेपी प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की चर्चाओं के बीच यह भी कहा जा रहा है कि वीरेंद्र सचदेवा को एक बार फिर से दिल्ली बीजेपी की कमान सोंपी जा सकती है। लेकिन ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं कहा कहना है कि पार्टी में लगातार किसी को भी प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने की परंपरा नहीं है। हालांकि अब से पहले भी कई वरिष्ठ नेताओं को दोबारा दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है, परंतु उन्हें एक अंतराल के बाद यह जिम्मेदारी दी गई थी। ऐसे में वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की जगह किसी अन्य नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चाएं ही ज्यादा जोरों पर हैं। पार्टी में एक धड़ा यह भी कह रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली सफलता को देखते हुए वीरेंद्र सचदेवा को राष्ट्रीय राजनीति में भेजा जा सकता है। परंतु दूसरे धड़े के लोगों का मानना है कि विधानसभा चुनाव में मिली सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं है, बल्कि पूरे पार्टी संगठन की है और किसी एक व्यक्ति को इसका श्रेय नहीं दिया जा सकता।