-वैदिक मंत्रोच्चरण के साथ शुरू हुआ अष्टयाम यज्ञ
राजेन्द्र कुमार/ राजापाकर, वैशालीः 15 मई।
राजापाकर उत्तरी पंचायत के चैरी पर ग्राम स्थित वार्ड नंबर आठ में नीलकंठ तपेश्वर नाथ शिव मंदिर के परिसर में आयोजित 24 घंटे के अष्टयाम यज्ञ को लेकर शुक्रवार को 551 महिलाओं द्वारा हाथी घोड़े बैंड बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कौनहारा घाट हाजीपुर से गंगाजल लाकर कबीर मठ आश्रम के बगल में स्थित काली मंदिर परिसर में धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में गंगाजल भरा गया। उसके बाद महिलाएं माथे पर कलश लेकर राजापाकार बाजार, हाई स्कूल चैक, भुवनेश्वर चैक,कुशवाहा चैक होते हुए चैरी पर ग्राम स्थित यज्ञ स्थल को पहुंची। जहां मंदिर का पांच बार परिक्रमा कर आचार्य द्वारा धार्मिक मंत्र उच्चारण के बीच मंदिर परिसर में कलश को स्थापित किया गया। वहीं 12 बजे से 24 घंटे का कलश यात्रा उपरांत अष्टयाम यज्ञ भी शुरू हुआ। हरे राम हरे कृष्णा- गौरीशंकर सीताराम धुन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। कलश यात्रा देखने के लिए राजापाकर बाजार के दोनों तरफ महिला पुरुष बच्चों की भारी भीड़ देखी गई। यह अष्टयाम यज्ञ संपूर्ण ग्राम वासियों के सहयोग से हो रहा है। ज्ञात हो कि पिछले साल आज ही के दिन नीलकंठ तपेश्वर नाथ शिव मंदिर की स्थापना हुई थी। जिसकी वर्षगांठ के अवसर पर ग्रामीणों द्वारा कलश यात्रा एवं अष्टयाम यज्ञ का आयोजन किया गया। शनिवार को यज्ञ समाप्ति उपरांत रात्रि में भव्य राम विवाह कीर्तन का आयोजन किया गया है। यज्ञ के व्यवस्थापकों में सेवानिवृत्ति कैप्टन महेंद्र राय, टूना राय, जवाहर राय, रामदेनी सिंह आदि शामिल है।


