पार्किंग घोटाले पर प्रदेश भाजपा नेतृत्व की चुप्पी

बकाएदारों पर कार्रवाई से डर रहे तिवारी
नई दिल्ली -Team A2Z
दिल्ली नगर निगम में पार्किंग ठेकों को लेकर चल रहे घोटाले पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने चुप्पी साध ली है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की ओर नगर निगमों का करोड़ों रूपये बकाया है, उनके साथ प्रदेश नेतृत्व के नजदीकी रिश्ते हैं। दूसरी ओर यह लोग पार्टी के किसी न किसी बड़े पद पर बैठे हैं। ऐसे में यदि प्रदेश भाजपा नेतृत्व अपने पदाधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई करता है तो विपक्षी नेताओं को प्रदेश भाजपा नेताओं पर सियासी हमला करने का मौका मिल जाएगा। यही कारण है कि निगम के करोड़ों के बकाएदार खुलेआम अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं।
पर्दाफाश ने दिल्ली भाजपा के जिन नेताओं की ओर नगर निगम की करोड़ों रूपये की बकाएदारी का खुलासा किया था, उनमें से कुछ नेताओं ने रानी झांसी ग्रेड सेपरेटर और फ्लाईओवर के उद्घाटन के मौके पर पोस्टर और होर्डिंग्स के जरिए जमकर अपनी राजनीति चमकाई। चांदनी चौक जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी अनुराधा शर्मा और पूर्व उपमहापौर महेश चंद शर्मा के परिवार के लोगों की ओर भी नगर निगम का करोड़ों रूपये बकाया है। जबकि यह दोनों नेता होर्डिंग-पोस्टरों में अपने फोटो छपवाकर निगम अधिकारियों पर वसूली नहीं करने के लिए दबाव बनाने में जुटे हैं।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता हरीश अवस्थी ने मामले को भाजपा के लिए शर्मनाक और दिल्ली वालों के लिए खतरनाक बताया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और सुचिता की बात करने वाले भाजपा नेता खास तौर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी इस मामले में बगलें झांक रहे हैं। हरीश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकें। उन्हें पूरे मामले की सीबीआई से जांच करानी चाहिए। इससे पहले नगर निगम के जो बकाएदार पार्टी के ऊंचे पदों पर बैठे हैं, उन्हें हटाया जाना चाहिए। जब प्रदेश भाजपा मनोज तिवारी से पूछा गया तो उनके एक सहयोगी ने कहा कि अधिकारियों से मामले की जानकारी ली जा रही है। यदि वास्तव में नगर निगम को बकाया वसूल करना है तो पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी