महिलाओं को मिला ’यूरीनेशन डिवाइस’, नहीं होगी संक्रमण की समस्या

-संक्रमण की समस्या से निजात, कहीं भी करें डिवाइस का इस्तेमाल

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
अब महिलाओं को गंदे मूत्रालयों की वजह से हाइजीन की समस्या नहीं होगी। बाजार में ऐसी डिवाइस आ गई है, जिससे गंदगी भरे यूरिनल्स में जाने की जरूरत नहीं होगी। पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने पटपड़गंज स्थित मुख्यालय में ’पी जॉय’ के सहयोग से ’फीमेल यूरीनेशन डिवाइस’ उपलब्ध कराने वाली वेंडिंग मशीन लगाई है। इसे अभी प्रायोगिक तौर पर लगाया गया है। यदि प्रयोग सफल रहा था तो ऐसी और वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। दरअसल, गंदे मूत्रालय इस्तेमाल करने के बजाय महिलाएं ’फीमेल यूरीनेशन डिवाइस’ का प्रयोग कर सकती हैं। इन्हें इस्तेमाल के बाद फेंक दिया जाता है। ’पी जॉय’ फीमेल यूरीनेशन डिवाइस दिल्ली विश्वविद्यालय की दो छात्राओं- स्तुति अरोड़ा और वेदाक्षी गुप्ता की पहल है।
इस अवसर पर, महिला कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को बताया गया कि उन्हें यात्रा के दौरान, या मूत्रालय ना मिलने की स्थिति में ’फीमेल यूरीनेशन डिवाइस’ का इस्तेमाल करना चाहिए ताकि संक्रमण और उससे होने वाली गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।