अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली पुरुष और महिला टीमों को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने  किया सम्मानित

-एशिया कप के मेजबान जापान को हराकर भारतीय टीम ने हासिल क़ी है उपलब्धि

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 8 जून।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री  डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण मुख्यालय में हाल ही में जापान में संपन्न हुए अंडर-18 एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को सम्मानित किया।
कप्तान केतन कुशवाहा के नेतृत्व में भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को काकामिगाहारा में खेले गए फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया।
केंद्रीय खेल मंत्री ने पुरुष टीम को 61.5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। वहीं, कप्तान स्वीटी कुजूर की अगुवाई में भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से हराकर अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक जीता। डॉ. मांडविया ने महिला टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 21 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
दोनों टीमों को बधाई देते हुए डॉ. मांडविया ने कहा,
“मैं दोनों टीमों को देश का नाम रोशन करने के लिए की गई उनकी मेहनत के लिए बधाई देता हूं। पूरे देश को आप पर गर्व है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि यह तो केवल शुरुआत है। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 या उससे अधिक गोल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। जिसने 10 गोल बचाए हैं, उसे यह लक्ष्य रखना चाहिए कि विपक्षी टीम एक भी गोल न कर सके। चाहे पढ़ाई हो या खेल, उसमें पूर्ण समर्पण होना चाहिए।
खेल मंत्री ने पुरुष और महिला टीमों के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों आशीष तानी पुर्ती और नौशीन नाज़ के साथ-साथ टूर्नामेंट में 10 गोल बचाने वाले सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर आयुष रजक को भी सम्मानित किया। इसके अलावा, खेल मंत्री ने भारतीय महिला और पुरुष अंडर-18 टीमों के कोच के रूप में कार्य कर रहीं पूर्व भारतीय कप्तान रानी रामपाल और सरदारा सिंह को भी सम्मानित किया।