अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिपः तीनों शीर्ष खिताब हुए हरियाणा के नाम

-रोहतक में आयोजित प्रतियोगिता में युवा पहलवानों ने दिखाया जलवा

विजय कुमार/ रोहतक, 14 जुलाई।
मेजबान हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2026 अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको-रोमन और महिला कुश्ती के तीनों वर्गों की टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में आयोजित तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के युवा पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन किया।
हरियाणा ने पुरुष फ्रीस्टाइल में 200 अंक, ग्रीको-रोमन में 195 अंक और महिला वर्ग में 183 अंक हासिल कर तीनों वर्गों में पहला स्थान प्राप्त किया। सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) ने पुरुष फ्रीस्टाइल (138 अंक) और ग्रीको-रोमन (165 अंक) में उपविजेता रहते हुए कड़ी चुनौती पेश की, जबकि महिला वर्ग में महाराष्ट्र (160 अंक) दूसरे स्थान पर रहा।
इस अवसर पर भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता में युवा पहलवानों ने जिस स्तर का खेल दिखाया, वह भारतीय कुश्ती के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। हरियाणा का तीनों शैलियों में दबदबा उसकी मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है, जबकि सर्विसेज और अन्य राज्यों ने भी उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा पेश की। महासंघ इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पुरुष फ्रीस्टाइलः
पुरुष फ्रीस्टाइल में हरियाणा, एसएससीबी और पंजाब के पहलवानों का दबदबा रहा। 74 किग्रा में एसएससीबी के नरेंद्र ने हिमाचल प्रदेश के नवीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता। पंजाब के ऋषभ जाखड़ और हरियाणा के यश को कांस्य पदक मिला। 79 किग्रा में हरियाणा के पारस ने एसएससीबी के यश को हराकर स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली के प्रियांशु और पंजाब के विशाल कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। 86 किग्रा में एसएससीबी के साहिल दलाल ने हरियाणा के हिमांशु अंतिल को हराकर स्वर्ण पदक जीता। हिमाचल प्रदेश के सुमित ठाकुर और उत्तर प्रदेश के अनुज तोमर कांस्य पदक विजेता रहे।
125 किग्रा में पंजाब के जसपूरन सिंह ने उत्तर प्रदेश के लक्ष्य कुमार को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हरियाणा के रोहित और राजस्थान के ऋषभ सिंह ने कांस्य पदक जीते।
ग्रीको-रोमनः
ग्रीको-रोमन शैली में भी हरियाणा और एसएससीबी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 55 किग्रा में हरियाणा के निखिल ने उत्तर प्रदेश के विशेष को हराकर स्वर्ण पदक जीता। 60 किग्रा में एसएससीबी के खुंदोंगबाम ने महाराष्ट्र के समर्थ गजानन को हराया।
67 किग्रा में एसएससीबी के सागर सिंह विजेता रहे, जबकि हरियाणा के विनीत दहिया (72 किग्रा) और तुषार (77 किग्रा) ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।
82 किग्रा में एसएससीबी के दीपक पूनिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 87 किग्रा में महाराष्ट्र के विनय विट्ठल पुजारी विजेता रहे।
भारी वजन वर्ग में हरियाणा के पीयूष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97 किग्रा और 130 किग्रा दोनों वर्गों में उत्तराखंड के उमंग को हराकर स्वर्ण पदक जीते।
महिला कुश्तीः
महिला वर्ग में हरियाणा और महाराष्ट्र की पहलवानों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। 50 किग्रा में मध्य प्रदेश की प्रियांशी प्रजापत ने राजस्थान की कोमल वर्मा को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद हरियाणा की कीर्ति (53 किग्रा), ज्योति (55 किग्रा), रीना (57 किग्रा) और सिमरन (59 किग्रा) ने लगातार स्वर्ण पदक जीतकर मेजबान राज्य को मजबूत बढ़त दिलाई। 62 किग्रा में एसएससीबी की अंजलि, 65 किग्रा में चंडीगढ़ की खुशी रानी, तथा 68 किग्रा में राजस्थान की अश्विनी विष्णोई स्वर्ण पदक विजेता रहीं।
अंतिम दो भार वर्गों में महाराष्ट्र की अमृता (72 किग्रा) और वेदिका (76 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने राज्य का शानदार समापन किया।
आगामी विश्व चैंपियनशिप पर नजरः
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता ने भारत की नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली पहलवानों की क्षमता को उजागर किया। इस चैंपियनशिप के विजेताओं को आगामी अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। वहीं 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवान चयन ट्रायल में सफल रहने पर अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप 2026 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
टीम चैंपियनशिप (शीर्ष-3)
पुरुष फ्रीस्टाइलः

प्रथमः हरियाणा – 200 अंक
द्वितीयः सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) – 138 अंक
तृतीयः पंजाब – 124 अंक
ग्रीको-रोमनः
प्रथमः हरियाणा – 195 अंक
द्वितीयः सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) – 165 अंक
तृतीयः उत्तर प्रदेश – 124 अंक
महिला कुश्तीः
प्रथमः हरियाणा – 183 अंक
द्वितीयः महाराष्ट्र – 160 अंक
तृतीयः राजस्थान – 113 अंक