पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि

-पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने दी श्रद्धांजलि
-कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी पहुंचे शांति वन

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस के मौके पर उन्हें देश भर में श्रद्धांजलि दी गई। बाल दिवस के मौके पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नई दिल्ली के शांति वन जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
दूसरी ओर गुरूवार को ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा ने कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु ने देश के विकास की जो नींव रखी आज उसी की बदौलत हमारा देश आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने में कामयाब हुआ है।
सुभाष चौपड़ा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पंडित जवाहरलाल नेहरु के 130वें जन्म दिन बाल दिवस के मौके पर आयोजित पुष्पाजंलि कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने पं0 जवाहरलाल नेहरु जी की तस्वीर पर पुष्पाजंलि भी अर्पित की।
पं0 नेहरु को श्रद्धाजंलि देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा के अलावा पूर्व सांसद रमेश कुमार, कृष्णा तीरथ, पूर्व विधायक आसिफ मौ0 खान, ब्रहम पाल, दर्शना रामकुमार, जिला अध्यक्ष कैलाश जैन, हरी किशन जिंदल, मौ0 उस्मान, दिनेश कुमार, पूर्व मेयर सतवीर सिंह, सतीश लुथरा, नरेश शर्मा नीटू, खविन्द्र सिंह कैप्टन, इंदू सहित निगम पार्षद, पूर्व निगम पार्षद, ब्लाक अध्यक्ष व सैंकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य रुप से मौजूद थे।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि पं0 नेहरु ने देश को सिर्फ आजादी ही नहीं दिलाई बल्कि आजादी के बाद भारत के विकास की ऐसी नीति तैयार की जिसकी बदौलत हमारे देश ने शिक्षा, गरीबी उन्मूलन तथा औद्योगिक विकास के साथ-साथ विदेशों से भाई चारे और सहयोग के नए-नए दरवाजे खुलते गए तथा भारत विश्व मानचित्र पर उभरता गया।
चौपड़ा ने कहा कि हमारे उपर पंडित नेहरु के महान व्यक्तित्व और उनके त्याग से प्रेरणा लेकर कांग्रेस पार्टी और देश दोनों को नई उॅचाईयों पर ले जाने की नैतिक जिम्मेदारी है।
सुभाष चौपड़ा ने आगे कहा कि देश को प्रगति की ओर ले जाने की असली नींव पंडित नेहरु ने ही रखी थी इसलिए राष्ट्र हमेशा उनकी भूमिका की सराहना करता रहेगा और कांग्रेस का कार्यकर्ता उनके उच्च आदर्शो और प्रगतिशील विचारों से प्रेरणा लेकर भारत को उॅचाईयों की बुलंदियों तक ले जाएगा।
उन्होंने कहा पंडित नेहरु ने किस तरह आगे बढ़कर गुटनिरपेक्ष आंदोलन को चलाने में अहम भूमिका निभाई और विकासशील देशों को नई दिशा प्रदान की जिसकी बदौलत शक्तिशाली राष्ट्रों को विकासशील देशों के प्रति वर्चस्व की नीति का परित्याग कर सहयोग की नीति अपनानी पड़ी।