‘वंदे मातरम’ के उद्घोष और हाथों में लहराते तिरंगों से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी राजधानी

-इंडिया गेट से कर्तव्य पथ तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा
-भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन व प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की उपस्थिति में सीएम रेखा गुप्ता ने की तिरंगा यात्रा में सहभागिता

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 12 अगस्त 2026।
भाजपा के सांसद व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को इंडिया गेट से कर्तव्य पथ तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों आदि ने भी भागीदारी की और हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को व्यक्त किया। यह तिरंगा यात्रा इंडिया गेट से शुरू होकर रफी मार्ग, कर्तव्य पथ तक निकाली गई। यात्रा में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविन्द्र इन्द्राज सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा एवं नागरिक भी उपस्थित थे।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के साथ एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। यह भागीदारी स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका का संदेश देती नजर आई।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ आज जनभागीदारी का एक सशक्त अभियान बन चुका है। तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रगौरव की भावना से देश का हर वर्ग उत्साहपूर्वक इस अभियान से जुड़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि इस स्वतंत्रता दिवस अपने अमर शहीदों को नमन करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ें और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को और मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त केवल स्वतंत्रता का उत्सव ही नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों को याद करने का भी अवसर है। आजादी के बाद भारत ने अनेक चुनौतियों को पार करते हुए विकास, विज्ञान, तकनीक, अर्थव्यवस्था, शिक्षा और आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। यह यात्रा देश के करोड़ों नागरिकों के परिश्रम, संकल्प और सामूहिक योगदान की कहानी है। हर राष्ट्र की यात्रा में चुनौतियां और सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस हमें यह देखने का अवसर देता है कि हमने कहां से शुरुआत की थी और आज कहां तक पहुंचे हैं। भारत की उपलब्धियों पर गर्व करते हुए हमें आने वाले वर्षों के लिए और बड़े संकल्प लेने चाहिए।