छात्रों और बुजुर्गों को भी मिलेगा बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ!

-मुख्यमंत्री केजरीवाल का ऐलान, जल्दी लाएंगे योजना
-महिलाओं के लिए भैया दूज से मुफ्त बस यात्रा सेवा शुरू

टीम एटूजेड/नई दिल्ली
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने भैया दूज के दिन मंगलवार से राजधानी में महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू कर दी है। मगंलवार को राजधानी की लाखों महिलाओं ने इस सेवा का लाभ उठाया। महिलाओं के बाद अब केजरीवाल सरकार छात्रों और बजुर्गों को भी डीटीसी में मुफ्त यात्रा की सेवा शुरू करने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली की सरकारी बसों में महिलाओं की तरह बुजुर्गों और छात्रों को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने मोबाइल एप पर कहा कि यह योजना समाज में लैंगिक भेदभाव को दूर कर महिला सशक्तिकरण में मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवागमन का साधन मंहगा होने कारण लड़कियों और महिलाओं को अब स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह अपने घरों से दूर स्कूल और कॉलेज आने-जाने के लिए बसों में मुफ्त सफर कर सकती हैं। अपने घरों से दूर दफ्तर में काम करने जाने के लिए भी महिलाओं को अब आने-जाने के खर्च की चिंता नहीं रहेगी।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर बसों में सफर करने वाली महिलाओं को मंगलवार को इस योजना के तहत कंडक्टरों ने दस रूपये के टिकट दिये। दिल्ली सरकार ऐसे टिकटों के आधार पर ट्रांसपोर्टरों का खर्च उठायेगी। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ऐके एप पर कहा कि आने वाले दिनों में यह सुविधा छात्रों और बुजुर्गों के लिए भी शुरू की जा सकती है। उन्होंने कहा सारे काम एक साथ नहीं किए जा सकते। पहले हमने महिलाओं के लिये इसे शुरू किया है। इसके नतीजों के आधार पर हम आने वाले दिनों में छात्रों और बुजुर्गों के लिए भी फ्री बस यात्रा सेवा की शुरूआत करेंगे।
विपक्षी दलों के विरोध पर उठाए सवाल
विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ चीजें राजनीति से परे होती हैं। इन दलों को यह समझने की जरूरत है। अगले साल दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को लुभाने के लिए मुफ्त योजनाएं ला रही है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि लोगों के कल्याण पर खर्च किये जाने वाले 100 रुपए में से 85 रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं। इसमें से जनता तक केवल 15 रुपये ही पहुंचते हैं। हम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने वाले उन 85 रुपयों को बचा रहे हैं और दिल्ली के लोगों को सुविधाएं दे रहे हैं।
दिल्ली मेट्रो में नहीं है सुविधा
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जून 23019 में डीटीसी बसों और दिल्ली मेट्रो में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की योजना की घोषणा का ऐलान किया था। यह योजना डीटीसी में तो शुरू हो गई है लेकिन मेट्रो में ऐसा नहीं किया जा सका। कारण है कि इस योजना के क्रियान्वयन की नीति तैयार करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने समय मांगा है। बता दें कि फिलहाल दिल्ली में डीटीसी की 3700 और क्लस्टर योजना के तहत 1800 बसें चलाई जा रही हैं।