सरदार पटेल की तरह ओखला में स्थापित होगी अटल जी की मूर्ति

-भाजपा लाएगी यमुना के दोनों किनारों के लिए ‘रिवर फ्रंट योजना’
-दोनों ओर होंगी 16 लेन की सड़कें और रेजिडेंशियल कॉम्पलेक्स
-यमुना में पानी बढ़ाकर पर्यटन विकसित करने की है योजना

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दल अपने विरोधियों को पटखनी देने की योजनाओं पर काम करने लगे हैं। आचार संहिता लागू हो जाने की वजह से अब कोई भी सरकार लोगों को सीधे लाभ की किसी योजना को तो नहीं ला सकती। लेकिन आने वाले दिनों के लिए सुंदर सपने दिखाने पर काम शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी अहमदाबाद की साबरमती नदी की तर्ज पर दिल्ली की यमुना को विकसित कर पर्यटन को नए आयाम देने पर काम कर रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने घोषणा पत्र में इस योजना को शामिल कर सकती है।
योजना के तहत गुजरात में स्थापित की गई सरदार पटेल की प्रतिमा की तरह दिल्ली के ओखला इलाके में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इससे न केवल पर्यटन के रूप में सरकार की आमदनी बढ़ेगी बल्कि यमुना के पानी से बिजली का उत्पादन भी किया जा सकेगा। इसके तहत यमुना के दोनों किनारों पर 16 लेन की सड़कें और बीच-बीच में रेजिडेंशियल कॉम्पलेक्स बनाने की योजना है। इससे न केवल यमुना के आस-पास पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि दिल्ली में यमुना किनारे हजारों की संख्या में हाउसिंग कॉम्पलेक्स स्थापित किए जा सकेंगे।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर इस रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की मोदी सरकार ने इस तरह की योजना की बहुत पहले ही घोषणा कर दी थी। अब इसको अमली जाम पहनाने पर काम किया जाना बाकी है। इसी के तहत दिल्ली भाजपा इस योजना को अपने घोषणा पत्र में शामिल करने जा रही है।
50 मीटर से बढ़ाकर 600 मीटर की जाएगा यमुना का बहाव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि यमुना पूरे साल में करीब 8 महीने केवल 50 मीटर के दायरे में सिमटी रहती है। यमुना के पानी के बहाव को 50 मीटर से बढ़ाकर करीब 600 मीटर तक ले जाने का विचार है। यमुना में पानी की गहराई को दो-तीन फुट से बढ़ाकर करीब यमुना के तल से करीब 15 फुट ऊपर तक लाने की योजना है।
बढ़ेगी ओखला बैराज की ऊंचाई
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि पार्टी की योजना ओखला बैराज की ऊंचाई बढ़ाने की है। इसके बाद पानी पूरी यमुना में एक ऊंचाई तक भरने के बाद ही आगे जा सकेगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के लिए ओखला में यमुना पर बनाए जाने वाले स्टेंड को बांध के रूप में स्तेमाल किया जाएगा। इससे ओखला, मयूर विहार, गीता कालोनी, कश्मीरीगेट, वजीराबाद और इससे पहले यमुना का जल स्तर करीब 15 फुट तक ऊपर हो जाएगा। पानी की गहराई बढ़ने के बाद यमुना में पानी से संबंधित खेलों का आयोजन भी किया जा सकेगा। इसके बाद यमुना के पानी में सभी तरह की नाव और स्टीमर चलाए जा सकेंगे।
रहने वालों को होगा समंदर किनारे का अहसास
यमुना और इसके किनारों को कुछ इस तरह से विकसित किए जाने की योजना है कि यहां बनाए जाने वाले मल्टी स्टोरी हाउसिंग कॉम्पलेक्स में रहने वालों को समुंदर के किनारे रहने का अहसास होगा। क्योंकि यमुना के दोनों ओर बनाए जाने वाले हाउसिंग कॉम्पलेक्स में रहने वालों को समुंदर के किनारों पर रहने का अहसास होगा। इस योजना से न केवल दिल्ली में आवासों की समस्या का समाधान होगा। बल्कि दिल्ली से बाहर मकानों की तलाश करने वालों को दिल्ली में ही अपना घर मिल सकेगा।