ऑड-इवन पर ‘शत्रु’ ने की आप की खिलाफत

-मैं कजरीवाल का दोस्त, लेकिन ऑड-इवन गलतः शत्रुघ्न सिन्हा
-दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का हल नहीं है ऑड-इवनः सिन्हा

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/नई दिल्ली
राजधानी की सियासत हर दिन करवट बदल रही है। यहां कब कौन किसका दोस्त और किसका दुश्मन हो जाए, यह कोई नहीं जानता। कभी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपना दोस्त बताने वाले बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा अब आप मुखिया अरविंद केजरीवाल की खिलाफत में उतर आए हैं। उन्होंने मंगलवार को दिल्ली सरकार द्वारा लागू किए गए ऑड-इवन पर अपना विरोध जताया। शुत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि केजरीवाल भले ही मेरे दोस्त हों लेकिन उन्होंने ऑड इवन लागू करके गलत किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने घोषणा की है कि जल्दी ही कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी और भाजपा की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा, मुख्य प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, शर्मिष्ठा मुखर्जी, लोकसभा चुनाव से पूर्व ही पार्टी में शामिल हुए शुत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित मौजूद रहे।
मुकेश शर्मा ने घोषणा की कि दिल्ली में भाजपा और आप पार्टी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी निर्णायक आंदोलन छेड़ेगी। अगले दो-तीन दिन में इसकी घोषणा कर दी जाएगी। यह विरोध-प्रदर्शन जिला और ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा।
मोदी सरकार पर साधा निशानाः
पटना साहिब सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर हारे शत्रुघन सिन्हा ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़कर रख दी है। यदि समय रहते अर्थशास्त्री डा0 मनमोहन सिंह के तर्कों को मान लिया जाता तो आज देश की अर्थव्यस्था की बदहाली नहीं होती। शत्रुघन सिन्हा तंज कसते हुए कहा कि आर्थिक मंदी के इस दौर में देश में चौतरफा अफरातफरी मची हुई हैं।
पांचवीं से सातवीं पायदान पर खिसका भारतः
शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा कि पिछले 6 साल मे जीडीपी सबसे निचले स्थान पर है। यदि आंकडों की बाजीगरी छोड़ दें तो वित्त वर्ष 2019-20 की पहली तिमाही में जीडीपी 5 प्रतिशत के निचले स्तर पर रही। आईएमएफ, फिच, वर्ल्ड बैंक, मूडी एवं आरबीआई सहित सभी एजेंसियों ने भारत में जीडीपी वृद्धि के पूर्वानुमान में भारी कटौती की है। दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के पायदान से नीचे खिसक कर अब देश सातवें पायदान पर चला गया है।
72 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारीः
कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि 45 साल के इतिहास में आज सबसे अधिक मंदी है और बेरोजगारी की दर बहुत तेजी बढ़ रही है। बेरोजगारी की दर पिछले 72 साल में सबसे ज्यादा हो गई है। मोदी सरकार ने देश में सरकारी लूट मचा रखी है, जिसका चौतरफा विरोध हो रहा है। देश की जनता इसे और ज्यादा सहन नहीं करेगी। मैंने सरकार में रहते हुए लगातार इन मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज करवाया, जिसकी कीमत मुझे चुकानी पड़ी।