जनप्रतिनिधियों की सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप का आयोजन

-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम जनता, कॉर्पोरेट संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से की ‘निक्षय मित्र’ बनने की अपील

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 4 अगस्त 2026।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित जनप्रतिनिधियों की सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘टीबी मुक्त भारत’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने टीबी उन्मूलन को पूरे देश का जन-आंदोलन बना दिया है और अब प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही इस लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में ‘निक्षय मित्र अभियान’ को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब तक 3,300 से अधिक निक्षय मित्र टीबी मरीजों के सहयोग के लिए सक्रिय रूप से जुड़ चुके हैं। उनके सहयोग से 1.2 लाख से अधिक पोषण आहार (फूड बास्केट) टीबी मरीजों को वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने उद्योगों, व्यापारिक संगठनों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, धार्मिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से भी इस अभियान से जुड़कर निक्षय मित्र बनने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक निक्षय मित्र केवल पोषण सहायता ही नहीं देता, बल्कि मरीज को सम्मान, आत्मविश्वास और यह भरोसा भी देता है कि पूरा समाज उसके साथ खड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के सामूहिक प्रयासों से दिल्ली टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगी।