‘बुधवार को प्रवेश वाही संभालेंगे मेयर पद का कार्यभार’

-स्टेंडिंग कमेटी के लिए आप का 1 और बीजेपी के 2 सदस्य चुने जाने तय
-उपराज्यपाल ने सोमवार को ही कर दिया था एमसीडी के लिए 14 विधायकों का मनोनयन

एसएस ब्यरो/ नई दिल्लीः 28 अप्रैल, 2026।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राहिणी से निगम पार्षद प्रवेश वाही बुधवार को दिल्ली के मेयर (प्रथम नागरिक) का पद भार गृहण करेंगे। बुधवार को दिल्ली के मेयर, डिप्टी मेयर और स्टेंडिंग कमेटी के लिए 3 सदस्यों का चुनाव होना है। इसके लिए दिल्ली नगर निगम की बैठक अपरान्ह 2 बजे से बुलाई गई है।
बीते 23 अप्रैल को मेयर पद के लिए बीजेपी के प्रवेश वाही और डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका पंत ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। वहीं कांग्रेस की ओर से जरीफ ने मेयर पद के लिए और राजेश कुमार गुप्ता ने डिप्टी मेयर पद के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने मेयर चुनाव से पूरी तरह से दूरी बनाये रखने का ऐलान किया था। हालांकि आप की ओर से स्टेंडिंग कमेटी के लिए 1 सदस्य को उम्मीदवार बनाया गया है। क्योंकि बीजेपी के पास बहुमत का आंकडा है और कांग्रेस के पास केवल 9 निगम पार्षद ही हैं। ऐसे में बीजेपी का पलड़ा बहुत ज्यादा भारी है।
मेयर एवं डिप्टी मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव में दिल्ली से चुने गये सभी लोकसभा एवं राज्यसभा के सांसद और उपराज्यपाल की ओर से मनोनीत किये गये 14 विधायक भी मतदान करते हैं। एमसीडी में कुल 250 निगम पार्षद हैं और बीजेपी के पास करीब 120 निगम पार्षद हैं। साथ ही इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 15 निगम पार्षद हैं। इनके अलावा बीजेपी के पास 7 लोकसभा सांसद, 1 राज्यसभा सांसद और 11 विधायकों के वोट भी हैं। जिसकी वजह से तय हो गया है कि बुधवार को होने वाले मेयर के चुनाव में बीजेपी के प्रवेश वाही को ही जीत हासिल होगी।
स्टेंडिंग कमेटी में AAP को 1 सदस्य का घाटा
मेयर एवं डिप्टी मेयर पद के साथ ही बुधवार को स्टेंडिंग कमेटी के लिए भी 3 सदस्यों का चुनाव कराया जायेगा। हाल ही में स्टेंडिंग कमेटी के 3 सदस्यों के पद रिक्त हुए हैं। इनमें से आप के 2 और बीजेपी के 1 निगम पार्षद हैं। परंतु अब स्टेंडिंग कमेटी के लिए भी निर्वाचन निर्विरोध होना तय है। कारण है कि 3 सदस्यों का चुनाव कराया जाना है और उम्मीदवार भी 3 ही हैं। ऐसे में मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उपराज्यपाल ने किया है इन विधायकों का मनोनयन

  1. राज करण खत्री
  2. तिलक राम गुप्ता
  3. पूनम शर्मा
  4. सोम दत्त
  5. विशेष रवि
  6. कैलाश गंगवाल
  7. श्याम शर्मा
  8. कैलाश गहलोत
  9. कुलदीप सोलंकी
  10. विरेंद्र कादियान
  11. उमंग बजाज
  12. सतीश उपाध्याय
  13. करतार सिंह तंवर
  14. रविंद्र नेगी