जहरीला पानीः 23 लाख दिल्ली वाले डायरिया की चपेट में

-गंदा पानी पीने से 18 हजार लोग हुए हैजा का शिकार
-केजरीवाल सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रचंड प्रदर्शन
-तुर्कमान गेट पर पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
-प्रदर्शन में जेपी अग्रवाल, लवली कीर्ति आजाद हुए शामिल
-हारुन व शोयब इकबाल बोलेः जुल्म कर रही दिल्ली सरकार

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में ‘जहरीले पानी’ की सप्लाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रचंड प्रदर्शन किया। बता दें कि राजधानी में पीने के गंदे पानी की वजह से 23 लाख लोग पिछले साढ़े चार साल में डायरिया के शिकार हुए हैं। 18 हजार से ज्यादा लोग गंदा पानी पीने की वजह से हैजा की बीमारी से पीड़ित हुए हैं। इनमें से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। गंदे पानी की सप्लाई के विरोध में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पुरानी दिल्ली वालों के साथ जुल्म करने का आरोप लगाया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा की अगुवाई में भारी संख्या में आम जनता व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तुर्कमान गेट पर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साऐ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक घंटे तक चक्का जाम रखा। प्रदर्शन के दौरान सुभाष चौपड़ा व स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अपने गले में दूषित पानी की बोतलों की माला पहनी हुई थी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच तीखी झड़पें देखने को मिली। दरअसल पुलिस अधिकारियों ने सुभाष चौपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल, अरविन्दर सिंह लवली, मुकेश शर्मा और शोयब इकबाल को जबरन हटाने की कोशिश की थी। गुस्साएं प्रदर्शनकारी दोपहर 2 बजे से ही निगम पार्षद आले मौहम्मद खान व कांग्रेस नेता जगजीवन शर्मा के साथ ‘‘दिल्ली की दुखद कहानी -दूषित वायु गंदा पानी” , ‘‘ये कैसी राजधानी है-पीने को गंदा पानी है, ‘‘केजरीवाल की लापरवाही-गंदे पानी की सप्लाई’’, ‘‘पीने को गंदा पानी है -खतरे में ज़िंदगानी है” आदि नारे लगाते हुए तुर्कमान गेट स्थित दिल्ली जल बोर्ड के दफतर पर जमा होने शुरु हो गए थे। सुभाष चौपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल व मुकेश शर्मा के मौके पर पहुचते ही गुस्साएं कार्यकर्ता बेकाबू हो गए और उन्होंने चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में दूषित पानी की बोतले व प्ले कार्ड ले रखे थे।
प्रदर्शनकारियों को चौपड़ा के अलावा, पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, अरविन्दर सिंह लवली व पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद जगदीश टाईटलर, रमेश कुमार, महाबल मिश्रा, कीर्ति आजाद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, पूर्व मंत्री डा नरेन्द्र नाथ, डा किरण वालिया, मंगतराम सिंघल, शोयब इकबाल, मुकेश शर्मा, जितेन्द्र कुमार कोचर, अल्का लाम्बा, आले मौहम्मद, मुकेश गोयल, रिंकू, प्रेरणा सिंह, अली मेहदी, सीमा ताहिरा, सतवीर सिंह, हरी किशन जिंदल, मोहम्मद उस्मान, विष्णु अग्रवाल, अमित मलिक, संदीप तंवर, राजेश चौहान, कैलाश जैन, प्रवीण भुगरा, मिर्जा जावेद, अब्दुल वाहिद, अमरलता सांगवान सहित सैंकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता व आम लोग मौजूद थे।
अस्पतालों में लगीं मरीजों की लाइनः
सुभाष चौपड़ा ने प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए मांग की कि दूषित पानी व दूषित वायु के लिए जिम्मेदार श्री अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने व लापरवाही का अपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए क्योंकि केजरीवाल के शासन मे आने के बाद डायरिया से अब तक 22,57,298 लोग और कोलेरा से 18,010 लोग चपेट में आ चुके है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अधिकांश आबादी आज दूषित पानी और दूषित वायु के चलते न केवल फेंफडों की बीमारी से ग्रस्त है बल्कि दूषित पानी से हाने वाली डायरिया व कोलेरा जैसी बीमारियों मे अत्यधिक वृद्धि हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में लाईने लगी हुई है और गरीब आदमी पर कमरतोड़ मंहगाई के साथ-साथ बीमारी की दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल झूठे प्रचार करती हैं। दिल्ली की आम जनता को पानी के रुप में स्लो पायजन दे रही है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के लोग अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे है।
जनता के प्रति उदासीन केजरीवाल सरकारः
सुभाष चौपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल, अरविन्दर सिंह लवली व कीर्ति आजाद ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली के लोगों के हितों की लड़ाई लड़ने में कोई कसर नही छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को कोई नैतिक अधिकार नही है कि वो इस मुददे को उठाए क्योकि भाजपा भी इसके लिए बराबर की जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार न केवल जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन है बल्कि सच तो यह है कि दिल्ली सरकार का सारा समय झूठ बोलने व दिल्ली के सामाजिक ताने-बाने को दूषित करने में चला जाता है। श्री चौपड़ा ने मांग की कि अरविन्द केजरीवाल दिल्ली जल बोर्ड के चेयरमेन पद से तुरंत इस्तीफा दें।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, अरविन्दर सिंह लवली व कीर्ति आजाद ने इस मौके पर दिल्ली सरकार को आडे हाथों लेते हुए कहा कि यह पहला मौका नही है जब पीने के पानी के सेम्पल फेल हुए है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व में लगातार समय-समय पर दूषित पानी की शिकायत दिल्ली के लोग करते रहे है। कांग्रेस नेताओं का यह स्पष्ट कहना था कि केजरीवाल सरकार इन रिपोर्टों को बड़ी चतुराई से दबाती रही है।
पुरानी दिल्ली के साथ किया भेदभावः
शोयब इकबाल ने आरोप लगाया कि पुरानी दिल्ली क्षेत्र में जहां संकीर्ण गलियां है वहां दूषित पानी से सबसे ज्यादा लोग प्रभावित है। उन्होंने यह भी कहा कि कमोबेश यही हालत पूरी दिल्ली की है। उन्होंने कहा कि आज सारी पुरानी दिल्ली में पीने के पानी का आभाव है। खासकर अल्पसंख्यक लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
सड़कों पर उतरें दिल्ली वालेः
पार्टी के वरिष्ठ नेता व मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वो केजरीवाल सरकार द्वारा की जा रही इस अपराधिक लापरवाही को सहन न करें और सड़कों पर आकर अपना विरोध जाहिर करें। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली कांग्रेस दूषित वायु और दूषित पानी को लेकर गंभीर है और वार्ड स्तर पर पार्टी लम्बी लड़ाई लड़ने की तैयारी में है।