राम मंदिर का रास्ता साफ… मोदी ने की ट्रस्ट की घोषणा

-ट्रस्ट में होंगे 15 सदस्य, एससी से होगा एक सदस्य
-मस्जिद निर्माण के लिए सरकार ने दी 5 एकड़ जमीन

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान किया। पीएम मोदी ने लोकसभा में बताया कि बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के गठन को मंजूरी दे दी गई है।
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार एक बड़ी योजना तैयार की है। ट्रस्ट का नाम ‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ रखा गया है। यह ट्रस्ट अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण से जुड़े फैसले लेने के लिए स्वतंत्र होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य होंगे। इनमें एक सदस्य दलित समुदाय से होगा।
इसके साथ ही अयोध्या में 5 एकड़ जमीन मस्जिद निर्माण के लिए देने के लिए भी राज्य सरकार ने सहमति दे दी है। पीएम ने जैसे ही यह ऐलान किया संसद भवन जयश्री राम के नारों से गूंज उठा। पीएम ने संसद में कहा कि 9 नवंबर को जिस दिन सुप्रीम कोर्ट ने यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया, तब मैं करतारपुर में था। 9 नवंबर, 2019 को मैं करतारपुर कोरिडोर के लोकार्पण के लिए गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर वहां गया था। मैंने वहां से लौटकर पूरा फैसला जाना और देखा कि किस तरह पूरे देश ने इस फैसले का स्वागत किया है।
जारी की गई अधिसूचना
भारत सरकार ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए ट्रस्ट ’श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ की स्थापना से संबंधित गजट अधिसूचना जारी कर दी है। अयोध्या के राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र को राम मंदिर ट्रस्ट में ट्रस्टी बनाया गया है। ट्रस्ट का पंजीकृत कार्यालय आर-20, ग्रेटर कैलाश पार्ट-1, नई दिल्ली पर रखा गया है।