नवदीप सैनी की घातक गेंदबाजी से आउटर दिल्ली वॉरियर्स की 39 रन से जीत

-यजस शर्मा ने जमाया तूफानी अर्ध शतक

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 6 अगस्त।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित 10-10 ओवर के मुकाबले में दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज को 39 रन से हराकर दमदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 10 ओवर में 2 विकेट पर 132 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस शानदार प्रदर्शन के नायक यजस शर्मा रहे, जिन्होंने केवल 29 गेंदों में नाबाद 64 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच छक्के और पांच चैके लगाए तथा शुरुआत से अंत तक टीम की पारी को शानदार ढंग से संभाला।
वॉरियर्स को यजस शर्मा और प्रियांश आर्य ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 2.2 ओवर में 31 रन जोड़े। प्रियांश 8 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अक्षय सैनी ने 10 गेंदों में तेजतर्रार 20 रन बनाकर रनगति को बनाए रखा और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
पारी के अंतिम ओवरों में मोनू शुक्ला ने नाबाद 21 रन (13 गेंद) की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने यजस शर्मा के साथ मिलकर टीम का स्कोर 130 रन के पार पहुंचाया और दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज के सामने 133 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। 133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज की शुरुआत बेहद खराब रही। आउटर दिल्ली वॉरियर्स के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देते हुए विपक्षी टीम का स्कोर 5 रन पर 2 विकेट और फिर 16 रन पर 4 विकेट कर दिया।
इसके बाद तेजस्वी दहिया और एकांश डोबल ने पांचवें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। तेजस्वी दहिया ने 11 गेंदों में 18 रन बनाए, लेकिन अक्षय सैनी ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
एकांश डोबल ने संघर्ष जारी रखते हुए 15 गेंदों में 35 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें चार छक्के और दो चैके शामिल थे। हालांकि उनके आउट होते ही दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
पूरी टीम 93 रन पर सिमट गई और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 39 रन से शानदार जीत अपने नाम की। गेंदबाजी में नवदीप सैनी ने दो ओवर में केवल 9 रन देकर तीन विकेट झटके और जीत के सबसे बड़े नायक बने। अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए टीम की प्रभावशाली जीत सुनिश्चित की।