अब गाजियाबाद ने रोका दिल्ली के सरकारी कर्मचारियों का रास्ता

-सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे के बीच सरकारी कर्मियों के दिल्ली जाने-आने पर रोक
-छूट के समय में भी बॉर्डर पार करने के लिए दिखाना होगा जिलाधिकारी का पास

टीम एटूजैड/ गाजियाबाद
हरियाणा के साथ अब उत्तर प्रदेश ने भी दिल्ली में काम करने वाले लोगों के लिए अपना रास्ता बंद कर दिया है। दिल्ली से नोएडा, गाजियाबाद और बागपत की सीमाओं पर यूपी पुलिस ने अपना पहरा मंगलवार से और ज्यादा सख्त कर दिया है। अब दिल्ली में काम करने वाले सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को बॉर्डर पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे के बीच गाजियाबाद से दिल्ली में और दिल्ली से गाजियाबाद में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
खास बात है कि शाम 6 बजे से सुबह 9 बजे के बीच ही दिल्ली में काम करने वाले सरकारी अधिकारी और कर्मचारी दिल्ली से गाजियाबाद की सीमाओं में प्रवेश कर सकेंगे। गाजियाबाद जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दिन के समय किसी को भी गाजियाबाद की सीमाओं में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। शाम 6 बजे के बाद से सुबह 9 बजे से पहले तक दिल्ली में काम करने वाले केवल उन्हीं सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों को गाजियाबाद में प्रवेश करने दिया जाएगा, जिनके पास उनके अपने विभागाध्यक्ष का अधिकृत पास बॉर्डर पर दिखाना होगा। बिना उसके दिल्ली से गाजियाबाद में आने-जाने की इजाजत नहीं होगी।
यह आदेश गाजियाबाद के डॉ. अजय शंकर पांडेय की ओर से जारी किए गए हैं। इन्हें सोमवार से लागू किया जा चुका है। गत दिनों गाजियाबाद प्रशासन ने दिल्ली बॉर्डर को सील कर दिया था। दिल्ली से गाजियाबाद आने जाने के लिए पास जरूरी कर दिया गया था। दरअसल दिल्ली में कारोना संक्रमण बढ़ रहा है, इसका असर गाजियाबाद में न हो, इसके लिए प्रशासन ने दिल्ली से सटी गाजियाबाद की सभी सीमाओं को सील कर दिया है।
यह भी पढ़ेंः अब यूपी ने रोका दिल्ली के कोरोना वॉरियर्स का रास्ता- http://a2z-news.com/now-up-police-stops-corona-warriors-in-delhi/
बॉर्डर सील होने के बाद अब सबसे बड़ी समस्या दिल्ली में काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों की वजह से हो रही है। दिल्ली में काम करने वाले काफी सरकारी कर्मचारी गाजियाबाद में रहते हैं। मगर देखने में आ रहा है कि वह पूरे दिन ही गाजियाबाद से दिल्ली और दिल्ली से गाजियाबाद में बॉर्डर क्रॉस कर आते-जाते रहते हैं। इससे पुलिस और प्रशासन को काफी परेशानी का सामना करना पड रहा है।
यह भी पढ़ेंः मंगलवार से हरियाणा में नहीं घुस सकेंगे दिल्ली के कोरोना वॉरियर्स- http://a2z-news.com/corona-warriors-will-not-be-able-to-enter-haryana-from-tuesday/
इसी समस्या के चलते अब जिला प्रशासन ने बॉर्डर पर सख्ती कर दी है। डीएम के मुताबिक दिल्ली के सरकारी दफ्तरों में सुबह करीब 9 बजे से कर्मचारी काम करते हैं। इसलिए इन कर्मचारियों को उनके पास या आईकार्ड देखकर उन्हें सुबह 9 बजे तक ही दिल्ली जाने की इजाजत दी जाएगी। जबकि, शाम को 6 बजे से पहले उन्हें गाजियाबाद में एंट्री करने की अनुमति नहीं मिलेगी। माना जा रहा है कि गाजियाबाद प्रशासन की ओर से यह व्यवस्था सरकारी परिचय पत्र का दुरूपयोग कर आने-जाने पर रोक लगाने के लिए की गई है।
कोरोना वॉरियर्स को हो रही परेशानी
गाजियाबाद, नोएडा और बागपत जिला प्रशासन की इस तरह की सख्ती की वजह से दिल्ली में महामारी के विरूद्ध लड़ाई में शामिल लोगों को परेशानी हो रही है। ऐस बहुत से स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी और सफाई कर्मचारी हैं, जो दिल्ली में काम करते हैं और रहते उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के इलाकों में हैं। यह लोग अपने घरों से रोजाना दिल्ली में आकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। खास बात है कि इनकी ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे की नहीं बल्कि अलग अलग शिफ्टों में होती है। दिन के समय आने-जाने पर रोक लगाए जाने की वजह से दिल्ली के कोरोना वॉरियर्स को परेशानी हो रही है।