MP ELECTIONS: भाजपा-कांग्रेस का टिकट बंटवारा

-कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश इंदौर-3 से लड़ेंगे चुनाव
-मेंदोला दो नंबर से उम्मीदवार, उषा ठाकुर महू से लड़ेंगी चुनाव

टीम एटूजैड/ भोपाल
भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लए लगभग सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राज्य की इंदौर-3 सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश को चुनाव लड़ाया जा रहा है। इंदौर की सभी 9 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही पिछले कई दिनों से जारी उठपटक का दौर खत्म हो गया है। गुरुवार को भाजपा ने मप्र विधानसभा चुनाव 2018 के लिए 32 उम्मीदवारों की सूची जारी की। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश को इंदौर-3 से टिकट दिया गया है, इंदौर-3 से भाजपा की वर्तमान विधायक उषा ठाकुर को महू से उम्मीदवार बनाया गया है। महू विधानसभा से वर्तमान में कैलाश विजयवर्गीय विधायक हैं।
सबसे अधिक कशमकश इंदौर की 9 विधानसभा सीटों को लेकर थी। इसमें भी विधानसभा क्षेत्र दो और तीन में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इंदौर-2 से वर्तमान भाजपा विधायक रमेश मेंदोला को ही उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा इंदौर-1 से सुदर्शन गुप्ता, इंदौर-4 से मालिनी गौड़, इंदौर-5 से महेन्द्र हार्डिया, देपालपुर से मनोज पटेल, सांवेर से राजेश सोनकर और राऊ से मधु वर्मा को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा है।

राजपुर से चुनावी मैदान में देवी सिंह पटेलः
राजपुर विधासभा सीट से देवी सिंह पटेल के पुत्र अंतर पटेल को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर भाजपा ने देवी सिंह को उम्मीदवार बनाया था लेकिन टिकट मिलने के बाद 5 नवंबर को हार्टअटैक से उनकी मौत हो गई थी। वहीं हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रेमचंद गुड्डु के पुत्र अजीत बैरासी को घट्टिया से उम्मीदवार घोषित किया गया है।

कांग्रेस की पांचवीं सूची में 17 उम्मीदवारः
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पांचवी सूची जारी कर दी है। इसमें 17 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री सरताज सिंह को पार्टी ने होशंगाबाद सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। शिवराज सिंह के साले संजय सिंह को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने भाजपा से आए दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री सरताज सिंह का नाम भी इस सूची में शामिल किया है। सरताज सिंह को होशंगाबाद सीट से टिकट मिला है।